फाजिलपुरिया पर फायरिंग करने वाला दबोचा, जानें किस देश में छुपकर बैठा था?

हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग और उनके दोस्त रोहित शौकीन की हत्या के मामलों में फरार चल रहा कुख्यात गैंगस्टर सुनील सरधानिया आखिरकार स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख से डिपोर्ट होकर भारत पहुंच गया। गुरुग्राम पुलिस की विशेष टीम ने इंटरपोल की मदद से यह बड़ी कार्रवाई की है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 October 2025, 2:10 PM IST
google-preferred

Haryana: हरियाणा के चर्चित फायरिंग और मर्डर केस में लंबे समय से फरार चल रहे गैंगस्टर सुनील सरधानिया को आखिरकार स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। गुरुग्राम पुलिस की विशेष टीम ने यह कार्रवाई इंटरपोल और विदेश मंत्रालय की सहायता से की। रविवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर जैसे ही सरधानिया को भारत लाया गया, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दोपहर में उसे गुरुग्राम कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

विदेश में छिपा था कई सालों से

पुलिस सूत्रों के अनुसार सुनील सरधानिया रोहतक जिले का निवासी है। वह कई साल पहले भारत से फरार होकर विदेश भाग गया था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह पहले जेरूसलम में लोकेट हुआ था। वहीं से इंटरपोल की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। बाद में वह स्विट्जरलैंड पहुंच गया, जहां से आखिरकार उसे ट्रेस कर ज्यूरिख पुलिस की मदद से पकड़ा गया और भारत को डिपोर्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद पूरी हुई है। गुरुग्राम पुलिस की एक विशेष टीम कई महीनों से इस ऑपरेशन पर काम कर रही थी।

फाजिलपुरिया फायरिंग केस में मास्टरमाइंड बताया जाता है

सुनील सरधानिया का नाम उस वक्त सुर्खियों में आया था जब हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर 10 जुलाई को फायरिंग की गई थी। घटना गुरुग्राम के एसपीआर रोड पर हुई थी। फाजिलपुरिया अपनी कार में जा रहे थे जब बाइक सवार बदमाशों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की। हालांकि, वह बाल-बाल बच गए। इस वारदात के बाद गुरुग्राम पुलिस ने कई आरोपितों को गिरफ्तार किया था और पूछताछ के दौरान सुनील सरधानिया का नाम मास्टरमाइंड के रूप में सामने आया था।

रोहित शौकीन हत्याकांड में भी मुख्य भूमिका

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सरधानिया का रोहित शौकीन हत्याकांड से भी गहरा संबंध है। रोहित शौकीन, सिंगर राहुल फाजिलपुरिया का करीबी दोस्त और प्रॉपर्टी डीलर था। उसकी हत्या 4 अगस्त की रात गुरुग्राम के सेक्टर-77 स्थित एसपीआर रोड पर हुई थी। बाइक सवार बदमाशों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं। घटना के बाद सुनील सरधानिया ने इंटरनेट मीडिया पर इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस को आशंका है कि यह हत्याकांड भी फाजिलपुरिया फायरिंग के विवाद से जुड़ा हुआ है।

गुरुग्राम पुलिस ने ली राहत की सांस

गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि सरधानिया की गिरफ्तारी से दोनों मामलों की जांच में तेजी आएगी। यह कार्रवाई हरियाणा पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि अब फायरिंग और मर्डर दोनों केस की साजिश का पूरा खुलासा किया जा सकेगा।

फिलहाल पुलिस सरधानिया से पूछताछ की तैयारी में है। उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि उससे नेटवर्क, फाइनेंसर और सहयोगियों के बारे में जानकारी मिल सके।

कई पुराने मामलों में भी वांछित

बताया जा रहा है कि सुनील सरधानिया पर हरियाणा और दिल्ली एनसीआर के कई पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और विदेश से गैंग ऑपरेट कर रहा था। गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि इस गिरफ्तारी से राज्य में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब उसके बाकी साथियों और फाइनेंसरों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 26 October 2025, 2:10 PM IST