
गैस की किल्लत या कालाबाजारी? (Img: Internet)
New Delhi: पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और आपूर्ति को लेकर फैली आशंकाओं के बीच देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलिंडरों की मांग अचानक बढ़ गई है। कई राज्यों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इस स्थिति को देखते हुए सरकार और प्रशासन ने कालाबाजारी पर सख्ती शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रवर्तन टीमों ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। राज्यभर में 1483 स्थानों पर निरीक्षण और छापेमारी की गई। जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर एलपीजी वितरकों के खिलाफ चार एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि कालाबाजारी में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ 20 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
इस कार्रवाई में छह लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इसके अलावा 19 अन्य लोगों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई की जा रही है। हालात पर नजर रखने के लिए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
एलपीजी की बढ़ती मांग को देखते हुए रिफाइनरियों ने उत्पादन बढ़ाने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक बठिंडा रिफाइनरी ने एलपीजी उत्पादन में बड़ा इजाफा किया है। पहले जहां रोजाना लगभग 1000 टन एलपीजी का उत्पादन होता था, अब इसे बढ़ाकर करीब 3000 टन प्रतिदिन कर दिया गया है।
गैस संकट पर बड़ी खबर: ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से 2 LPG टैंकरों को दी मंजूरी
खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार प्रदेश में शुक्रवार को 4108 एलपीजी गैस वितरकों के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार सिलिंडर की डिलीवरी कराई गई। अधिकारियों का कहना है कि गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति को लगातार बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा भारत सरकार ने वाणिज्यिक सिलिंडरों की कुल खपत के 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त आवंटन की अनुमति दी है, ताकि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी गैस की आपूर्ति प्रभावित न हो।
एलपीजी की कालाबाजारी के खिलाफ बिहार और अन्य राज्यों में भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक सीमेंट गोदाम से 36 खाली सिलिंडर बरामद किए गए हैं और गोदाम को सील कर दिया गया है। वहीं पटना में अवैध गतिविधियों में शामिल चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
दानापुर के शाहपुर इलाके में छापेमारी के दौरान 132 घरेलू और कमर्शियल गैस सिलिंडर जब्त किए गए। अररिया जिले के फारबिसगंज में भी करीब 250 गैस सिलिंडर बरामद हुए हैं। उत्तराखंड के कोटद्वार में भी 35 सिलिंडर जब्त किए गए, जबकि रानीखेत में गैस एजेंसियों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की मौजूदगी में वितरण कराया गया।
भारत के लिए बड़ी राहत: LPG लेकर शिवालिक ने पार किया होर्मुज, एक और टैंकर को मिली मंजूरी
सरकार और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर सिलिंडर की बुकिंग न करें। अधिकारियों का कहना है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि सख्त कार्रवाई और उत्पादन बढ़ाने जैसे कदमों से आने वाले दिनों में गैस आपूर्ति की स्थिति और बेहतर हो सकती है।
Location : New Delhi
Published : 14 March 2026, 6:29 AM IST
Topics : Bihar LPG cylinder seizures Impact of Middle East Conflict on India India LPG Crisis LPG Black Marketing Uttar Pradesh gas cylinder shortage