Kolkata Stampede: कोलकाता हादसे के बाद मुआवजे का मरहम, 25 लाख और नौकरी से भरेंगे जख्म

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 19 लोगों की मौत और 25 घायल हुए। पश्चिम बंगाल सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये और सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 October 2026, 12:06 PM IST

Kolkata: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दुर्गा पूजा की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार रात भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे बताए जा रहे हैं। एक घायल की हालत गंभीर बताई गई है।

अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री, घायलों का चल रहा इलाज

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखर्जी अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार तथा स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है।

मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये और सरकारी नौकरी

पश्चिम बंगाल सरकार ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही प्रत्येक मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी ऐलान किया गया है।

पुलिस ने चोरबागान दुर्गा पूजा के आयोजकों, निजी सुरक्षा गार्डों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

पीएम मोदी, अमित शाह और राहुल गांधी ने जताया दुख

कोलकाता भगदड़ की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस घटना ने दुर्गा पूजा जैसे बड़े सार्वजनिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन, निकासी व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  kolkata

Published :  18 October 2026, 12:06 PM IST