केरल में लोकतंत्र का महापर्व: क्या इस बार बदल जाएगा सियासी खेल या दोहराएगा इतिहास? 140 सीटों पर कड़ा मुकाबला जारी

केरल में आज शुरू हुए मतदान ने सियासी माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया है। 140 सीटों पर चल रही इस कड़ी टक्कर में कई बड़े दावे और रणनीतियां दांव पर लगी हैं। क्या जनता इस बार नया इतिहास रचेगी या फिर पुराना ट्रेंड जारी रहेगा?

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 9 April 2026, 8:10 AM IST

Thiruvananthapuram: केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। राज्य की सभी 140 सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। इस बार का चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि मुख्य मुकाबला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) के बीच “करो या मरो” की स्थिति में पहुंच चुका है।

हर सीट पर जबरदस्त टक्कर

इस चुनाव में कुल 833 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यूडीएफ गठबंधन की ओर से कांग्रेस ने 92, मुस्लिम लीग ने 26, केरल कांग्रेस ने 8 और आरएसपी ने 4 उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा कई छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को भी समर्थन मिला हुआ है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

मतदाताओं की बड़ी संख्या

करीब 2.7 करोड़ मतदाता इस चुनाव में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिला मतदाता भी शामिल हैं, जो चुनाव के परिणामों में निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं। इसके अलावा प्रवासी मतदाताओं की भागीदारी भी इस बार चर्चा में है, जो राज्य की राजनीति को नया मोड़ दे सकती है।

महिलाओं और दिव्यांगों की खास भागीदारी

चुनाव आयोग ने इस बार समावेशी मतदान पर खास ध्यान दिया है। राज्य में 352 मतदान केंद्र पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं, जबकि 37 केंद्र दिव्यांग व्यक्तियों के जिम्मे हैं।

असम, केरल और पुडुचेरी में किसकी बनेगी सरकार? कुछ ही घंटों में वोटिंग शुरू, जानें कितने उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर?

दिग्गज नेताओं और फिल्मी सितारों की मौजूदगी

राज्य के कई बड़े नेता और प्रमुख चेहरे आज मतदान करेंगे। राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ फिल्मी दुनिया की हस्तियां भी वोट डालने के लिए आगे आई हैं, जिससे मतदान को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।

केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी अपना वोट डालने के लिए पोलिंग स्टेशन संख्या 137 पर पहुंचे, जो गुरुवायूर दक्षिण क्षेत्र में स्थित गुरुवायूर देवस्वम इंग्लिश मीडियम स्कूल में है। इसके साथ ही अभिनेता मोहनलाल वोट डालने के लिए तिरुवनंतपुरम के मुदावनमुगल स्थित एक मतदान केंद्र पर पहुंचे।

पीएम मोदी ने की ये अपील

पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, मैं केरल के लोगों से आह्वान करता हूं कि वे 2026 के विधानसभा चुनावों में मतदान में भारी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें। रिकॉर्ड भागीदारी केरल की लोकतांत्रिक भावना में नई ऊर्जा का संचार करेगी। मैं विशेष रूप से राज्य के युवाओं और महिलाओं से आग्रह करता हूँ कि वे आगे आएं और अपना वोट दर्ज कराएं।

तीन मोर्चों में कड़ी टक्कर

एलडीएफ जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का दावा कर रहा है, वहीं यूडीएफ ने इस बार शतक पार करने का लक्ष्य रखा है। दूसरी ओर एनडीए भी अपनी स्थिति मजबूत करने की उम्मीद में है। ऐसे में मुकाबला त्रिकोणीय होता नजर आ रहा है।

अखिलेश यादव ने सरकार पर बोला हमला, गैस, मुआवजा और चुनावी निष्पक्षता पर उठाए सवाल

अन्य राज्यों में भी वोटिंग

केरल के साथ-साथ असम और पुडुचेरी में भी आज मतदान हो रहा है। तीनों राज्यों के चुनाव नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे, जिन पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।

 

Location :  Thiruvananthapuram

Published :  9 April 2026, 8:10 AM IST