
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में थमा छात्रों का आंदोलन
New Delhi: राजधानी दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया में कई दिनों से चल रहा छात्रों का आंदोलन आखिरकार थम गया है। छात्रों ने गुरूवार को अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। दरअसल विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की मांगों के आगे झुकते हुए छात्रसंघ संविधान तैयार करने और चुनाव कराने का आधिकारिक ऐलान कर दिया।
प्रशासन ने छात्रसंघ के संविधान को 15 मई 2027 तक मंजूरी देकर लागू करने का निर्देश दिया है। जामिया में अगले वर्ष जुलाई में नया सत्र शुरू होने के छह सप्ताह के अंदर चुनाव होंगे। इस संबंध में जामिया के रजिस्ट्रार प्रो. एम. महताब आलम रिजवी ने आदेश जारी किया।
बृहस्पतिवार को रजिस्ट्रार द्वारा जारी आदेश के अनुसार लिंगदोह समिति की सिफारिशों और दिशा-निर्देशों के अनुसार छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। चुनाव शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के छह सप्ताह के भीतर होगा।
छात्र आंदोलन के आगे झुका जामिया प्रशासन
छात्रसंघ संविधान को मंजूरी देने और लागू करने की प्रक्रिया 15 मई 2027 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। चुनाव के लिए जामिया ने 16 जुलाई 2027 से शुरू होने वाले शैक्षणिक सत्र के छह सप्ताह की समयसीमा तय की है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने ये भी ऐलान किया है कि आंदोलन के दौरान छात्रों के खिलाफ की गई सभी अनुशासनात्मक कार्रवाइयों को वापस लिया जाएगा। इसके साथ ही कैंपस बैन के फैसलों को रद्द किया जाएगा।
दरअसल जामिया मिलिया इस्लामिया में 20 सालों से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं। जामिया में आखिरी बार छात्रसंघ चुनाव 2005 में हुए थे। मार्च 2006 में परिसर में हुई हिंसा के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ (JMISU) को भंग कर दिया था लेकिन अब 18 दिन के प्रदर्शन के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने फिर से छात्रसंघ को बहाल करने का फैसला किया है। जामिया में अगस्त 2027 के आखिरी हफ्ते में छात्रसंघ के चुनाव कराए जा सकते हैं।
जामिया प्रशासन के इस ऐलान के बाद छात्रों में जश्न का माहौल है। कैंपस में छात्र जमकर जीत के नारे लगाते और खुशी से झूमते नजर आए वहीं, प्रशासन ने छात्रों से अपनी भूख हड़ताल तुरंत खत्म करने के लिए कहा, जिसके बाद स्टूडेंट्स ने अपना अनशन तोड़ दिया।
Location : New Delhi
Published : 29 October 2026, 11:39 PM IST
Topics : Jamia Student Union Election Jamia Millia Islamia student union constitution Student Protest