हिंदी
Symbolic Photo (Image: Pinterest)
यह घटना बीचक्राफ्ट किंग एयर C90A विमान के साथ हुई। विमान अगरतला से कोलकाता जा रहा था, तभी करीब 12,000 फीट की ऊंचाई पर तकनीकी समस्या के कारण उसका दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान दोपहर करीब 1:40 बजे ढाका हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। इसके बाद विमान में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और गंभीर रूप से बीमार महिला मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
एयर एम्बुलेंस में 56 वर्षीय अंजना भौमिक सवार थीं। उन्हें लैंडिंग के तुरंत बाद कुर्मितोला स्पेशलाइज्ड अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान शाम करीब 4:40 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत तकनीकी खराबी से पैदा हुई स्थिति के कारण हुई या उनकी पहले से गंभीर बीमारी इसकी वजह थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल विमान में सवार अन्य छह लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी है।
इस एयर एम्बुलेंस में कुल सात लोग सवार थे। इनमें दो पायलट, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, महिला मरीज और उनके दो तीमारदार शामिल थे। आपातकालीन स्थिति के बावजूद विमान की लैंडिंग सुरक्षित रही और बाकी सभी यात्रियों की जान बच गई।
बताया गया है कि विमान के पास ढाका में उतरने के लिए पहले से अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद बांग्लादेशी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर तत्काल इमरजेंसी लैंडिंग की मंजूरी दी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। घटना के बाद ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने जरूरी राजनयिक औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए बांग्लादेशी अधिकारियों से संपर्क किया। यह एयर एम्बुलेंस भारत की एसकेबी इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित की जाती है। फिलहाल जांच का अहम पहलू यह है कि विमान का दरवाजा उड़ान के दौरान किन परिस्थितियों में खुला और महिला मरीज की मौत के पीछे क्या कारण था।
Location : Kolkata News
Published : 19 October 2026, 4:02 PM IST
Topics : Agartala to Kolkata Flight Beechcraft King Air C90A Dhaka Emergency Landing Indian Air Ambulance
No related posts found.