
तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश (सोर्स- Pinterest)
New Delhi: मानसून की विदाई के करीब होने के बावजूद देश के बड़े हिस्से में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने 8 अक्टूबर को देश के 20 राज्यों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी की है। कई क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सक्रिय होने के कारण मौसम ने अचानक यू-टर्न लिया है। ओडिशा तट, बंगाल की खाड़ी, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के ऊपर बने मौसमी तंत्रों के प्रभाव से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और असम में मूसलाधार बारिश की पूरी संभावना है। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड की आशंका जताई गई है, जबकि किसानों को विशेष सतर्कता बरतने और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
दिल्ली: राजधानी में आज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और 30 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी है। यहां अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम तापमान 23°C रह सकता है।
उत्तर प्रदेश: रायबरेली, गोरखपुर, गाजीपुर, आगरा, मेरठ, मथुरा और कानपुर में भारी बारिश के साथ 60 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलेंगी। लखनऊ में पारा अधिकतम 31°C और न्यूनतम 26°C के बीच रहने की उम्मीद है।
बिहार: लखीसराय, मधुबनी, भागलपुर, बक्सर, गया, किशनगंज, दरभंगा, वैशाली और भोजपुर में भारी बारिश का अलर्ट है। पटना में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 22°C दर्ज किया जा सकता है।
मध्य प्रदेश: रायसेन, सिवनी, छतरपुर, शहडोल, दमोह, बालाघाट, छिंदवाड़ा और जबलपुर में झमाझम बारिश होगी। भोपाल में अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 21°C रहने का अनुमान है।
राजस्थान: अलवर, भरतपुर, जयपुर, भीलवाड़ा और अजमेर में 30 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 22°C रहेगा।
पर्वतीय राज्य (हिमाचल और उत्तराखंड): हिमाचल के मंडी, किन्नौर, सोलन, शिमला और बिलासपुर में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और भारी बारिश होगी (मनाली में अधिकतम 10°C, न्यूनतम 1°C)। वहीं उत्तराखंड के नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, हरिद्वार, बागेश्वर और ऋषिकेश में 40 किमी/घंटा की आंधी के साथ बारिश का अलर्ट है (देहरादून में अधिकतम 26°C, न्यूनतम 18°C)।
जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, जम्मू और पुंछ में भीषण बारिश और 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम 11°C तक पहुंच सकता है।
झारखंड और पश्चिम बंगाल: झारखंड के जमशेदपुर, देवघर, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद और सरायकेला में 60 किमी/घंटा की स्पीड से आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होगी (रांची में अधिकतम 26°C, न्यूनतम 19°C)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, दुर्गापुर, हावड़ा, दार्जिलिंग, मालदा और बीरभूम में भी इसी रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है (कोलकाता में अधिकतम 32°C, न्यूनतम 23°C)।
Location : New Delhi
Published : 8 October 2026, 7:58 AM IST