अगर इंटरनेट डेटा नहीं चाहिए तो पैसे भी मत देना, अपनी जरूरत के हिसाब से चुन सकेंगे रिचार्ज प्लान, जानें कब से लागू होगा यह नियम

TRAI ने टेलीकॉम ग्राहकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब कंपनियों को बिना डेटा वाले सिर्फ वॉइस कॉल और SMS प्लान उपलब्ध कराने होंगे। नए नियमों से खासकर कम आय वाले और डेटा की जरूरत नहीं रखने वाले ग्राहकों को सस्ते और अपनी जरूरत के हिसाब से रिचार्ज विकल्प मिल सकेंगे...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 22 September 2026, 11:32 PM IST

मोबाइल रिचार्ज कराने वाले करोड़ों ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण यानी TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। अब कंपनियों को ऐसे रिचार्ज प्लान भी उपलब्ध कराने होंगे जिनमें सिर्फ वॉइस कॉल और SMS की सुविधा हो। यानी जिन ग्राहकों को इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है, उन्हें अब डेटा वाले महंगे प्लान लेने की मजबूरी नहीं होगी। TRAI के इस फैसले से खास तौर पर कम आय वाले उपभोक्ताओं और उन लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जो मोबाइल का इस्तेमाल मुख्य रूप से कॉलिंग और मैसेजिंग के लिए करते हैं।

30 दिन या उससे कम वैधता वाले प्लान लाने होंगे

TRAI ने दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियम, 2026 में टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं को नए नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। नए नियमों के तहत कंपनियों को 30 दिन या उससे कम अवधि वाले केवल वॉइस कॉल और SMS स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) पेश करने होंगे। इसके साथ ही इन प्लान की कीमतों में भी उचित टैरिफ कटौती करनी होगी, ताकि ग्राहकों को किफायती विकल्प मिल सकें।

डेटा वाले प्लान लेने की मजबूरी होगी खत्म

TRAI ने बताया कि दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (बारहवां संशोधन), 2024 लागू होने के बाद बाजार में सिर्फ वॉइस और SMS वाले प्लान की उपलब्धता सीमित हो गई थी। ज्यादातर कंपनियां लंबी वैधता वाले प्लान पर ज्यादा ध्यान दे रही थीं। इस वजह से ऐसे ग्राहक जो केवल कॉलिंग सुविधा चाहते थे, उन्हें अपनी जरूरत से ज्यादा सेवाओं के लिए भुगतान करना पड़ रहा था। नियामक ने इसी समस्या को देखते हुए नए बदलाव किए हैं।

हर महीने रिन्यू होने वाला प्लान भी देना होगा

नए निर्देशों के अनुसार, टेलीकॉम कंपनियों को ऐसा केवल वॉइस और SMS वाला प्लान भी उपलब्ध कराना होगा जिसे ग्राहक हर महीने एक निश्चित तारीख पर दोबारा रिन्यू कर सकें। अगर किसी महीने में वह तारीख उपलब्ध नहीं होती है तो रिन्यूअल उस महीने की आखिरी तारीख को किया जाएगा। इससे ग्राहकों को बार-बार अलग-अलग तारीखों पर रिचार्ज करने की परेशानी से राहत मिलेगी।

लंबी वैधता वाले विकल्प भी होंगे उपलब्ध

TRAI ने कंपनियों को यह भी निर्देश दिया है कि कम अवधि और मासिक प्लान के अलावा लंबी वैधता वाला कम से कम एक केवल वॉइस और SMS STV भी उपलब्ध कराया जाए। इसका टैरिफ भी उसी अवधि वाले वॉइस, SMS और डेटा प्लान की तुलना में उचित रखा जाना होगा।

ग्राहकों को मिलेगा ज्यादा विकल्प

TRAI का कहना है कि इस संशोधन से उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत और आर्थिक क्षमता के अनुसार मोबाइल प्लान चुनने की आजादी मिलेगी। नए नियमों के बाद बाजार में अलग-अलग वैधता अवधि वाले सिर्फ वॉइस और SMS प्लान की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है। इससे खासकर उन यूजर्स को फायदा होगा जो इंटरनेट डेटा का इस्तेमाल नहीं करते या डेटा वाले बंडल प्लान नहीं लेना चाहते।

Location :  New Delhi

Published :  22 September 2026, 11:32 PM IST