दिल्ली अग्निकांड: होटल मालिक लवकेश गिरफ्तार, 21 मौतों के बाद अवैध गेस्ट हाउसों पर सरकार का बड़ा एक्शन

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी में एक होटल में लगी भीषण आग ने 21 लोगों की जान ले ली, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जांच में होटल में बड़े पैमाने पर नियमों के उल्लंघन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 3 June 2026, 11:35 PM IST

New Delhi : दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने राजधानी को झकझोर कर रख दिया। पांच मंजिला होटल ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ में लगी आग में गुरुग्राम के एक ही परिवार के आठ सदस्यों समेत 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 19 से अधिक लोग घायल या झुलस गए। इनमें नौ की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दिल्ली सरकार और एमसीडी ने अवैध गेस्ट हाउसों व होटलों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया है।

40 लोगों को निकाला गया, कई की हालत गंभीर

सुबह करीब 8:30 बजे लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। घना धुआं और तेज लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि कई लोग कमरों में ही फंस गए। पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन 21 लोगों को बचाया नहीं जा सका। मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की भी बताई जा रही है।

घायलों को मैक्स अस्पताल, एम्स, सफदरजंग अस्पताल और मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई लोग धुएं से दम घुटने, गंभीर रूप से झुलसने और इमारत से कूदने के कारण घायल हुए हैं। कई मरीज अभी भी आईसीयू और वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।

DN Exclusive: दिल्ली होटल अग्निकांड की डरवानी कहानी; विदेशों तक गूंजी चीखें, मचा हाहाकार, जानें आंखों देखा हाल

जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही

प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। बताया जा रहा है कि होटल को दिल्ली सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति के तहत केवल छह कमरों की अनुमति मिली थी, लेकिन वहां 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे। बेसमेंट में भी अवैध रूप से कमरे बनाए गए थे। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि होटल के पास वैध फायर एनओसी थी या नहीं।

एक ही रास्ता बना मौत का कारण

अधिकारियों के मुताबिक इमारत में प्रवेश और निकास के लिए केवल एक ही रास्ता था। आग लगने के बाद यही रास्ता धुएं और लपटों से भर गया, जिससे लोग अंदर फंस गए। संकरी गलियां, लटकते बिजली के तार और आसपास सटी हुई इमारतों ने राहत एवं बचाव कार्य को और कठिन बना दिया।

जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से कूदे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जान बचाने के लिए कई लोग खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे बिछाकर लोगों को कूदने के लिए सहारा दिया। एक महिला अपने बच्चे को गोद में लेकर तीसरी मंजिल से कूद गई, जिससे दोनों की जान बच गई। वहीं बेसमेंट का दरवाजा समय पर न खुल पाने से कई लोग अंदर फंस गए।

शवों की पहचान में आ रही मुश्किल

अस्पतालों के बाहर अपनों की तलाश में परिजनों की भीड़ जुटी रही। कई शव इतने बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। कई परिवार अपने प्रियजनों के बारे में जानकारी पाने के लिए अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे। प्रशासन ने डीएनए और अन्य वैज्ञानिक तरीकों से पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सरकार सख्त, अवैध गेस्ट हाउसों पर कार्रवाई शुरू

हादसे के बाद दिल्ली सरकार, एमसीडी और प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। राजधानी में संचालित अवैध गेस्ट हाउसों, होटलों और फायर सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी गई है। होटल मालिक लवकेश बजाज की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आग लगने के कारणों, होटल संचालन की वैधता और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

Location :  New Delhi

Published :  3 June 2026, 11:35 PM IST