होली 2026: यूपी-बिहार जाने वालों के लिए खुशखबरी, रेलवे चलाएगा सैकड़ों होली स्पेशल ट्रेनें

होली 2026 पर यूपी-बिहार जाने वालों के लिए रेलवे की बड़ी राहत। 28 फरवरी से 9 मार्च के बीच 1400 से ज्यादा होली स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। जानिए कौन-कौन सी ट्रेनें चलेंगी, टिकट की मौजूदा स्थिति और यात्रा से जुड़ी पूरी जानकारी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 10 February 2026, 5:50 PM IST

New Delhi: होली का नाम सुनते ही घर जाने की चाह हर किसी के मन में जाग जाती है, लेकिन इस बार यूपी और बिहार जाने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना बड़ी चुनौती बन गया है। 4 मार्च 2026 को होली है और त्योहार से करीब दो महीने पहले ही स्लीपर और एसी क्लास की ज्यादातर सीटें फुल हो चुकी हैं।

बढ़ती भीड़ और यात्रियों की परेशानी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है। रेलवे के मुताबिक 28 फरवरी से 9 मार्च 2026 के बीच यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ रूट पर कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, साथ ही कुछ नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।

होली पर चलेंगी 1400 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें

रेलवे ने होली के मौके पर देशभर में करीब 1410 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। इनमें सबसे ज्यादा फोकस उत्तर भारत के रूट्स पर रखा गया है, जहां त्योहार के समय सबसे ज्यादा यात्री सफर करते हैं। उत्तर रेलवे की ओर से करीब 108 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो मुख्य रूप से दिल्ली-एनसीआर के स्टेशनों से रवाना होंगी। पूर्व मध्य रेलवे (ECR) बिहार और पूर्वी यूपी रूट पर 285 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।

इसके अलावा पश्चिम रेलवे (231), सेंट्रल रेलवे (209), साउथ सेंट्रल रेलवे (160) और नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे (71) भी अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करेंगे। इससे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम जैसे शहरों में काम करने वाले लाखों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

रातभर मोबाइल चार्ज करना पड़ सकता है महंगा, जानें 100% बैटरी कैसे घटा रही है फोन की उम्र

यूपी-बिहार रूट की प्रमुख होली स्पेशल ट्रेनें

यूपी और बिहार रूट पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कुछ खास होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है।

सोगरिया-दानापुर-सोगरिया होली स्पेशल

यह साप्ताहिक ट्रेन 28 फरवरी से 9 मार्च तक चलेगी। रास्ते में प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा जैसे बड़े स्टेशनों पर ठहराव होगा।

रानी कमलापति-दानापुर-रानी कमलापति होली स्पेशल

यह ट्रेन 27 फरवरी से 3 मार्च के बीच दो-दो फेरे लगाएगी और जबलपुर, कटनी, सतना और प्रयागराज छिवकी जैसे स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग होली स्पेशल

यह ट्रेन 1 से 2 मार्च को दुर्ग से और 2 से 3 मार्च को दिल्ली से चलेगी। मथुरा, आगरा, झांसी, सागर, कटनी और रायपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा। इसके अलावा कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों में भी एक्स्ट्रा फेरे लगाए गए हैं, ताकि यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ सके।

‘खूब मन लगाकर पढ़ाई करें’… राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों से बोले DM अमित पाल, दो बड़े अभियानों का किया शुभारंभ

अभी कैसी है टिकट बुकिंग की स्थिति?

होली से पहले ट्रेनों की बुकिंग तेज हो चुकी है। नई दिल्ली से पटना, दरभंगा, जयनगर, प्रयागराज और रांची जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में स्लीपर और एसी क्लास फुल हो चुकी हैं। कई रूट्स पर वेटिंग लिस्ट 90 से 200 के पार पहुंच गई है। दिल्ली-हावड़ा और दिल्ली-पटना रूट की करीब 80 फीसदी ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं है।

यात्रियों के लिए सलाह

अगर आप होली पर घर जाने की योजना बना रहे हैं, तो होली स्पेशल ट्रेनों में जल्दी टिकट बुक करें। साथ ही रेलवे की वेबसाइट और IRCTC ऐप पर नियमित रूप से सीट उपलब्धता चेक करते रहें। स्पेशल ट्रेनों के कारण आखिरी समय में भी कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बनी हुई है।

Location : 
  • Patna

Published : 
  • 10 February 2026, 5:50 PM IST