‘वे ऐसे संत नहीं हैं जो…’, CJP नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर सोनम वांगचुक ने कही बड़ी बात

सोनम वांगचुक ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि CJP के नेता कोई संत नहीं हैं और उनकी राजनीतिक इच्छाएं होना गलत नहीं है। हालांकि उन्होंने छात्र आंदोलन को राजनीतिक दलों से दूर रखने की सलाह दी थी। जानिए सोनम वांगचुक के बयान की पूरी कहानी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 31 August 2026, 10:44 AM IST

New Delhi:प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापकों की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान वांगचुक ने कहा कि CJP के नेता कोई संत नहीं हैं, बल्कि उनके अपने राजनीतिक लक्ष्य हो सकते हैं और इसमें कुछ गलत नहीं है।

‘वे कोई संत नहीं हैं... उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं हैं’

CJP के प्रमुख चेहरों अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका का जिक्र करते हुए सोनम वांगचुक ने कहा, "वे ऐसे संत नहीं हैं जो इससे कुछ नहीं चाहते। मुझे पूरा यकीन है कि उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है।"

उन्होंने कहा कि युवाओं का सामाजिक और सार्वजनिक मुद्दों को उठाकर राजनीति में आना या नई राजनीतिक पार्टी बनाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

छात्र आंदोलन को राजनीति से दूर रखने की दी थी सलाह

सोनम वांगचुक ने बताया कि जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान उन्होंने CJP नेताओं से कहा था कि आंदोलन के मंच को गैर-राजनीतिक बनाए रखा जाए।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल जैसे भाजपा, कांग्रेस या आम आदमी पार्टी (AAP) के पक्ष या विपक्ष में नहीं होना चाहिए, बल्कि एक स्वतंत्र दबाव समूह (Pressure Group) की तरह काम करना चाहिए।

CJP नेताओं के राजनीतिक अतीत पर भी दी प्रतिक्रिया

CJP संस्थापक अभिजीत दिपके के पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े होने को लेकर उठे सवालों पर वांगचुक ने कहा कि उन्हें किसी व्यक्ति के पुराने राजनीतिक संबंधों से कोई आपत्ति नहीं है।

उन्होंने CJP नेताओं को "नेक इरादे वाला और काफी कुशल" बताया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में कोई व्यक्ति भ्रष्ट होगा या नहीं, इसकी गारंटी नहीं दी जा सकती, लेकिन फिलहाल उन्हें ऐसे कोई संकेत नजर नहीं आए हैं।

Location :  New Delhi

Published :  31 August 2026, 10:44 AM IST