हिंदी
पेट्रोकेमिकल संयंत्र में अचानक भीषण आग (Img: X)
Haldia: पश्चिम बंगाल के हल्दिया स्थित चिरंजीपुर क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब 4 बजे पेट्रोकेमिकल संयंत्र में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग नेफ्था गैस पाइपलाइन में रिसाव के कारण फैली, जिसके बाद देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में काले धुएं और आग की तेज लपटों ने दहशत फैला दी।
इस हादसे में 10 से अधिक लोग झुलस गए हैं, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
आग पर काबू पाने के लिए करीब नौ दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है। हालांकि, घटना के डेढ़ घंटे बाद भी आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं की जा सकी थी। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के कई घर और दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं और पूरी तरह जलकर राख हो गईं। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
आग की घटना का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। हल्दिया-पानस्कुरा रेल सेवाएं बाधित कर दी गई हैं। यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों से यात्रा करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पाइपलाइन में आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच कर रही है।
Location : Haldia
Published : 30 June 2026, 10:55 AM IST