
फरीदाबाद पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- एक्स)
Faridabad: फरीदाबाद पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण अफ्रीकी नागरिक समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 लाख रुपए मूल्य की MDMA ड्रग्स बरामद की है। पकड़े गए अफ्रीकी नागरिक का वीजा काफी पहले ही समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वह अवैध रूप से देश में रह रहा था।
फरीदाबाद जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 126.96 ग्राम MDMA नशा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 13 लाख रुपए आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक समेत कुल तीन आरोपियों को धर दबोचा है। अदालत में पेश करने के बाद मुख्य आरोपी अफ्रीकी नागरिक को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बदायूं में बड़ा हादसा, गन हाउस में काम के दौरान जोरदार धमाका, तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलसे
इस कार्रवाई की शुरुआत 7 अक्टूबर को हुई थी, जब क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम ने दयालपुर गांव के रहने वाले संगम को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 126.96 ग्राम MDMA बरामद होने के बाद सूरजकुंड थाने में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में संगम ने खुलासा किया कि वह यह नशा नोएडा में रह रहे दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा से खरीदता था और फिर इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचता था। इसके बाद पुलिस ने आगे की कड़ी जोड़ते हुए 11 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा और नोएडा निवासी विनीत को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि विनीत ने संगम से करीब 4 ग्राम MDMA बेचने के लिए खरीदा था।
पुलिस जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी ओडेकामरा वर्ष 2019 में स्टडी वीजा पर भारत आया था। उसका वीजा वर्ष 2023 में ही समाप्त हो चुका था, लेकिन वह वीजा अवधि पूरी होने के बाद भी नोएडा में अवैध रूप से निवास कर रहा था। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि वह यह ड्रग्स कहां से लाता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
यह पहली बार नहीं है जब फरीदाबाद में विदेशी नागरिकों द्वारा ड्रग्स तस्करी का मामला सामने आया हो। इससे पहले 15-16 सितंबर की रात को क्राइम ब्रांच और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त टीम ने लकड़पुर के शिव दुर्गा विहार स्थित एक मकान पर छापेमारी की थी। उस दौरान पुलिस ने कोकीन सहित करीब 15 करोड़ रुपए का भारी-भरकम नशा बरामद किया था। उस मामले में भी दक्षिण अफ्रीका के तीन नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था, जो वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से भारत में रह रहे थे।
फिलहाल, पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी ओडेकामरा से पूछताछ जारी है ताकि इस तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसके अन्य सहयोगियों तक पहुंचा जा सके।
Location : Faridabad
Published : 12 October 2026, 2:15 PM IST
Topics : Crime Branch Faridabad Drug Smuggling Faridabad Police MDMA Drugs Seized South African National Arrested