
प्रतीकात्मक छवि (Img x)
New Delhi: दिल्ली-NCR में प्रदूषण को लेकर लगाई गई अतिरिक्त पाबंदियों से अब राहत मिल गई है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की ओर से लागू की गई समयबद्ध एहतियाती पाबंदियां शुक्रवार रात समाप्त हो गईं। इसके साथ ही शनिवार से दिल्ली को छोड़कर NCR के अन्य शहरों में निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी गतिविधियां दोबारा शुरू हो सकेंगी। वहीं, सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 फीसदी कर्मचारियों के वर्क फ्रॉम होम की अनिवार्यता भी खत्म हो जाएगी।
हालांकि, दिल्लीवासियों को फिलहाल इन प्रतिबंधों से राहत नहीं मिलने वाली है। राजधानी में दिल्ली सरकार की ओर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगाई गई अलग-अलग पाबंदियां अभी जारी रहेंगी।
CAQM ने 30 अक्टूबर को आदेश जारी कर 5 नवंबर से 20 नवंबर तक NCR में धूल उड़ाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े कार्यों पर रोक लगाई थी। इस आदेश के तहत दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर के सरकारी और निजी कार्यालयों को 50 फीसदी कर्मचारियों के साथ काम करने का निर्देश दिया गया था।
दिल्ली में स्मॉग का कहर: AQI 279 पर पहुंचा, इन इलाकों में हालात सबसे खराब, यहां मिली राहत
हालांकि, कुछ जरूरी सेवाओं और औद्योगिक इकाइयों को इन पाबंदियों से छूट दी गई थी। अब समयसीमा पूरी होने के बाद गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और नोएडा समेत NCR के अन्य शहरों में निर्माण गतिविधियां फिर से शुरू हो सकेंगी। साथ ही कार्यालयों में कर्मचारियों को लेकर लागू वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था भी समाप्त हो जाएगी।
NCR के अन्य शहरों के मुकाबले दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए अलग व्यवस्था लागू है। दिल्ली सरकार की शीतकालीन कार्ययोजना के तहत राजधानी में धूल उड़ाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े कार्यों पर 31 जनवरी तक रोक लगाई गई है।
इसके अलावा 10 दिसंबर से 20 जनवरी तक दिल्ली में सभी तरह के निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। राजधानी में 50 फीसदी कर्मचारियों के वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था भी लागू रहेगी।
CAQM की ओर से लगाई गई समयबद्ध पाबंदियां खत्म होने के बावजूद सभी निर्माण स्थलों को काम शुरू करने की अनुमति नहीं होगी। जिन निर्माण स्थलों को नियमों के उल्लंघन के कारण अलग से बंद करने के आदेश दिए गए हैं, वे संबंधित अनुमति मिलने के बाद ही दोबारा काम शुरू कर सकेंगे।
इस तरह NCR के शहरों में निर्माण गतिविधियों और कार्यालयों को राहत मिल गई है, लेकिन दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्त पाबंदियां फिलहाल जारी रहेंगी।
Location : New Delhi
Published : 21 November 2026, 9:18 AM IST