Weather Update: दिल्ली-NCR में बारिश के बाद लौटी कड़ाके की ठंड, जानें कैसा रहेगा आज मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं के बाद ठंड फिर लौट आई है। घना कोहरा, ठंडी हवाएं और गिरता तापमान लोगों को सर्दी का एहसास करा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन सर्दी बनी रहेगी और 27 जनवरी से फिर बारिश हो सकती है।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 24 January 2026, 7:50 AM IST

New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश और तेज हवाओं के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे राजधानी में एक बार फिर ठंड लौट आई है। शनिवार तड़के दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आज भी ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा, हालांकि दिन भर मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई। इसका सीधा असर दिल्ली-एनसीआर के मौसम पर पड़ा है। राजधानी के अधिकतर हिस्सों में अच्छी बारिश हुई, जिससे हवा में ठंडक बढ़ गई और पारा तेजी से नीचे आया। IMD के अनुसार अगले तीन दिनों तक दिल्ली में सर्दी का असर बना रहेगा और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह सकता है।

आज दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

शनिवार सुबह हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिला, जो दिन चढ़ने के साथ धीरे-धीरे छंट जाएगा। दिन के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की धूप भी निकल सकती है, लेकिन बर्फीली हवाओं के कारण ठंडक महसूस होती रहेगी। आज दिल्ली में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का कहर, शीतलहर और घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त

अगले हफ्ते फिर बदलेगा मौसम

फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में मौसम शुष्क बना रहेगा और क्षेत्र ग्रीन जोन में है। लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। 27 जनवरी से दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो सकती है।

बारिश से AQI में मामूली सुधार

हालिया बारिश का सकारात्मक असर दिल्ली की हवा पर भी पड़ा है। दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में हल्का सुधार दर्ज किया गया है। शनिवार को राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) करीब 300 के आसपास रहा, जो अब भी ‘खराब’ श्रेणी में आता है, लेकिन पहले के मुकाबले स्थिति थोड़ी बेहतर मानी जा रही है।

Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड चरम पर, कई राज्यों में अगले 72 घंटों की चेतावनी

लोगों को बरतनी होगी सावधानी

मौसम में अचानक आए इस बदलाव के कारण बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सुबह-शाम ठंड अधिक रहने से सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्म कपड़े पहनें और ठंडी हवाओं से बचाव करें।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 24 January 2026, 7:50 AM IST