‘मैं तुमसे शादी नहीं कर सकती’ शबनम ने किया इनकार, शोरूम में बाल पकड़कर घसीटा, फिर रेत दिया गला

दिल्ली के मोती नगर में 19 वर्षीय शबनम की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सूरज को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शादी से इन्कार करने पर उसने वारदात को अंजाम दिया। शोरूम के CCTV फुटेज में मारपीट कैद हुई है। परिवार ने पहले भी धमकी और मारपीट के आरोप लगाए थे।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 16 November 2026, 8:33 AM IST

New Delhi: राजधानी दिल्ली के मोती नगर में 19 वर्षीय युवती शबनम की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। शबनम एक कपड़ों के शोरूम में काम करती थी। आरोप है कि शादी से इन्कार करने पर उसकी बहन के देवर सूरज ने इस वारदात को अंजाम दिया। शोरूम में लगे CCTV कैमरों में आरोपी की बेरहमी कैद हुई है। फुटेज सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात शोरूम में हुई इस वारदात के दौरान सूरज शबनम को बेरहमी से पीटता दिखाई दिया। शबनम खुद को बचाने की कोशिश करती रही और दर्द से चीखती रही, लेकिन आरोपी नहीं रुका। आरोप है कि उसने शबनम को बालों से पकड़कर घसीटा और चेंजिंग रूम तक ले गया। इसके बाद धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया।

रात करीब नौ बजे शोरूम बंद करने के दौरान कर्मचारी चेंजिंग रूम की जांच करने पहुंचे। वहां शबनम खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। उसके गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

UP Weather Alert: कड़ाके की सर्दी के लिए रहें तैयार, यूपी में बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट की चेतावनी जारी

दिल्ली से फरार होने की फिराक में था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी सूरज दिल्ली से बाहर भागने की कोशिश कर रहा था। तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसे पटेल नगर से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की वजहों के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि शबनम और सूरज के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों के संबंधों में तनाव चल रहा था।

शादी से इन्कार पर धमकी देने का आरोप

शबनम की मां संगीता देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने उन्हें बताया था कि सूरज शादी नहीं करने पर उसे या उसके भाई को जान से मारने की धमकी देता था। परिवार के मुताबिक, सूरज शबनम की बड़ी बहनों काजल और पूनम का देवर है। दोनों बहनों की शादी सूरज के भाइयों से हुई है।

Chhath Puja: उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ खत्म हुआ व्रत, PM मोदी ने बताया दिव्य पर्व

पहले भी हुई थी शबनम के साथ मारपीट

शबनम के भाई अर्जुन ने बताया कि पिछले साल भी सूरज ने उसकी बहन के साथ बुरी तरह मारपीट की थी। इस घटना में उसकी एक आंख काली पड़ गई थी और चेहरे से खून निकल रहा था। परिवार ने मोती नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामला अदालत तक पहुंचा, लेकिन बाद में सूरज के परिवार की ओर से दोनों बहनों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगने के बाद करीब पांच महीने पहले शिकायत वापस ले ली गई थी।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

Location :  New Delhi

Published :  16 November 2026, 8:33 AM IST