दिल्ली में BS-4 वाहनों की एंट्री पर रोक से DND और चिल्ला बॉर्डर पर भीषण जाम, लाखों का जुर्माना

दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए गैर-BS-6 वाहनों की एंट्री पर रोक के दूसरे दिन DND, चिल्ला बॉर्डर और सराय काले खां पर भीषण जाम लगा। पहले दिन 68.4 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 November 2026, 10:44 AM IST

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में दिवाली से पहले बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए गैर-BS-6 वाहनों के प्रवेश पर 1 नवंबर से प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। प्रतिबंध के दूसरे दिन सोमवार को भी दिल्ली-नोएडा और दिल्ली-गुरुग्राम सीमाओं पर वाहनों की सघन जांच जारी है। इसके चलते DND, चिल्ला बॉर्डर और सराय काले खां समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। दिल्ली पुलिस द्वारा BS-4 वाहनों को वापस भेजे जाने के कारण लंबा जाम लग रहा है।

DND पर नोएडा जाने वाली लेन में भीषण जाम

DND पर दिल्ली पुलिस द्वारा BS-4 वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसके चलते नोएडा की ओर जाने वाली लेन पर भीषण जाम की स्थिति बन गई है। वहीं, नोएडा से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर अपेक्षाकृत यातायात सामान्य है और ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात हैं।

हालांकि, नोएडा से दिल्ली की ओर यमुना पुल पर भी जाम की स्थिति बनी हुई है। सराय काले खां, आउटर रिंग रोड और उसके नीचे की सर्विस रोड पर भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

चिल्ला बॉर्डर पर BS-4 वाहनों की जांच

नोएडा सेक्टर-14A के पास चिल्ला बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस द्वारा BS-4 वाहनों की जांच की जा रही है। प्रतिबंधित वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जा रहा और उन्हें वापस भेजा जा रहा है। जांच के कारण चिल्ला बॉर्डर पर भी यातायात प्रभावित हुआ है और जाम जैसी स्थिति बनी हुई है।

पहले दिन 68.4 लाख रुपये का जुर्माना

दिल्ली में लागू विंटर एक्शन प्लान के पहले दिन पुलिस और प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की। पहले दिन नियमों का उल्लंघन करने वालों से 68.4 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही हजारों वाहनों को दिल्ली की सीमाओं से वापस भेजा गया।

गुरुग्राम-दिल्ली सीमा पर भी वाहनों की लंबी कतारें

दिल्ली-गुरुग्राम सीमाओं पर भी गैर-BS-6 वाहनों की सघन जांच की जा रही है। जांच के कारण यातायात की रफ्तार धीमी हो गई है और वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू प्रतिबंधों के बीच राजधानी के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर यातायात प्रभावित बना हुआ है।

Location :  New Delhi

Published :  2 November 2026, 10:44 AM IST