
उत्तर भारत में ठंड की दस्तक तेज
New Delhi: उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती प्रणालियों ने पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक पारा तेजी से नीचे गिरा दिया है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में शीतलहर का असर गहराता जा रहा है, जबकि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिसंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना बढ़ी है, जबकि मैदानी राज्यों में ठंड के साथ-साथ कोहरा भी बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ हैं। एक महत्वपूर्ण पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में 3.1 से 4.5 किमी ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके कारण बना चक्रवाती प्रसार उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश में प्रभाव डाल रहा है।
हिमाचल प्रदेश में दिसंबर के शुरुआती दिनों से ही कड़ाके की ठंड जारी है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5°C से भी नीचे दर्ज किया गया है। मौसम केंद्र शिमला ने 5 से 7 दिसंबर तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल स्पीति के ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
Weather Update: राजधानी दिल्ली में सर्द हवाओं का कहर; जानें आज का न्यूनतम तापमान
कश्मीर घाटी में ठंड चरम पर है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -4°C, जबकि पहलगाम में -4.8°C दर्ज किया गया है। लेह में तापमान -9°C तक पहुंच चुका है, वहीं कारगिल में पारा -7.8°C पर बना हुआ है। नुब्रा घाटी भी कड़ाके की ठंड से जमी हुई दिख रही है, जहां तापमान -7.6°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित–बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ भागों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इससे अगले दिनों में ठंड और भी अधिक बढ़ सकती है।
पूर्वी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, झारखंड और उत्तर भारत के प्रमुख मैदानी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। IMD के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4°C की वृद्धि संभव है। पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में अगले 48 घंटों के दौरान पारा गिर सकता है। यानी ठंड का असर यहां भी बढ़ेगा।
UP में कड़ाके की ठंड: इन जिलों में 5 डिग्री से कम पहुंचा तापमान, आज रात पड़ेगा भयंकर पाला
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4–5°C नीचे बना हुआ है। दिल्ली के कई इलाकों नरेला, बुराड़ी, लोधी रोड, आयानगर और रिठाला में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। लगातार चल रही उत्तरी ठंडी हवाओं ने दिन में हल्की धूप होने के बावजूद राहत नहीं दी।
पंजाब और हरियाणा में सुबह-शाम का तापमान तेजी से गिरा है। अंबाला, करनाल, अमृतसर और लुधियाना जैसे शहरों में ठंडी हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों मेरठ, मुझफ्फरनगर, लखनऊ और गोरखपुर में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश में शीतलहर की स्थिति अगले 2-3 दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
महाराष्ट्र में अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद तापमान 2–3°C गिर सकता है। गुजरात में तापमान अगले एक सप्ताह तक लगभग स्थिर रहने का पूर्वानुमान है। सर्दी का असर हल्का रहेगा, लेकिन सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है।
Location : New Delhi
Published : 6 December 2025, 7:53 AM IST