CJP प्रदर्शन पर दिल्ली से गोवा तक पुलिस का एक्शन! 300 से ज्यादा लोगों पर FIR; दो लोग गिरफ्तार

CJP के विरोध-प्रदर्शन को लेकर दिल्ली से गोवा तक पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है। गोवा में 300 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है, जबकि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हंगामे के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 October 2026, 7:59 PM IST

New Delhi: विरोध-प्रदर्शनों के बीच दिल्ली से गोवा तक पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। गोवा में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर हिंदुत्व विरोधी नारे लगाए जाने के मामले में 300 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

वहीं, दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रदर्शन के दौरान हंगामा करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट और वीडियो की भी जांच कर रही है।

गोवा में 300 से ज्यादा अज्ञात लोगों पर केस

गोवा पुलिस ने 11 अक्टूबर को पणजी में हुए CJP के विरोध-प्रदर्शन के मामले में 300 से ज्यादा अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान ऐसे नारे लगाए गए, जिनसे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

पुलिस इंस्पेक्टर विजयकुमार चोडनकर के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान CJP के पदाधिकारियों और समर्थकों ने कथित तौर पर 'मुर्दाबाद, मुर्दाबाद, हिंदुत्व मुर्दाबाद' जैसे नारे लगाए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इससे धार्मिक सद्भाव प्रभावित हो सकता था और एक समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची।

ये भी पढ़ें- कोलकाता की घटना से सबक, प्रयागराज के दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा पर प्रशासन गंभीर

वीडियो देखने के बाद दर्ज कराई शिकायत

इस मामले में तलेइगाओ के रहने वाले रामप्रसाद केलकर ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर 11 अक्टूबर के प्रदर्शन का वीडियो देखने के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।केलकर के अनुसार, प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बताया गया था, लेकिन वीडियो में कथित तौर पर हिंदुत्व विरोधी नारे सुनाई दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के प्रदर्शन से इलाके में शांति और सामाजिक सद्भाव बिगड़ सकता है।

शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित किया गया था और उनके इस्तीफे की मांग की गई थी। उनके मुताबिक, CJP की एक महिला समन्वयक ने प्रदर्शन की अनुमति के लिए उत्तरी गोवा के कलेक्टर के पास आवेदन किया था, जिसे मंजूरी नहीं मिली थी।

दिल्ली में कार से लाठियां लेकर पहुंचे दो लोग गिरफ्तार

इधर, दिल्ली के कनॉट प्लेस में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ पिछले सप्ताह हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान हंगामे के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान गाजियाबाद निवासी शिवम (22) और गौरव (30) के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें- पलक झपकते ही उजड़ गई हंसती-खेलती गृहस्थी! बदायूं में दवा लेकर लौट रहे पति-पत्नी को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंदा

सूत्रों का कहना है कि दोनों को एक कार से लाठियां लेकर बाहर निकलते देखा गया था। आरोप है कि वे प्रदर्शन के दौरान हंगामा करने पहुंचे थे। बताया गया है कि दोनों प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े हैं। पुलिस उनके व्यवहार और घटनाक्रम में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

सोशल मीडिया हैंडल भी पुलिस की जांच के घेरे में

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के आरोप में कम से कम 17 सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ कार्रवाई की है। हाथापाई, अभद्र भाषा और अपमानजनक टिप्पणियों से जुड़े मामलों में कई FIR दर्ज किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस ऑनलाइन पोस्ट और वीडियो की जांच कर रही है, ताकि कथित तौर पर भ्रामक जानकारी फैलाने या भड़काऊ बयान देने वालों की पहचान की जा सके। फिलहाल, गोवा और दिल्ली के मामलों में पुलिस की जांच जारी है।

Location :  New Delhi

Published :  18 October 2026, 7:59 PM IST