
दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस ने संभाली कमान (Image: Dynamite News)
New Delhi: नई दिल्ली में होने वाले BRICS Summit 2026 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत कर दी गई है। दुनिया के कई बड़े नेताओं की मौजूदगी के बीच दिल्ली पुलिस के सामने इस बार एक बड़ी चुनौती भी खड़ी हो गई है। एक तरफ विदेशी मेहमानों की सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट को संभालना है, तो दूसरी तरफ हजारों छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंचाना भी पुलिस की जिम्मेदारी होगी। 13 सितंबर को दिल्ली में UPSC और NDA की परीक्षा आयोजित की जाएगी। ऐसे में BRICS Summit और परीक्षा दोनों एक ही समय पर होने की वजह से राजधानी में ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने परीक्षा देने वाले छात्रों से अपील की है कि वे घर से सामान्य दिनों के मुकाबले थोड़ा जल्दी निकलें। पुलिस का कहना है कि BRICS Summit की वजह से कई रास्तों पर सुरक्षा जांच और ट्रैफिक नियंत्रण रहेगा, जिससे कुछ जगहों पर जाम की स्थिति बन सकती है। पुलिस ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने परीक्षा केंद्र की लोकेशन पहले से चेक कर लें और आखिरी समय की परेशानी से बचने के लिए समय का विशेष ध्यान रखें। गूगल मैप पर निर्भर रहने वाले छात्रों को भी सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक रास्तों की जानकारी पहले से रखें।
BRICS Summit में शामिल होने के लिए कई देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि दिल्ली पहुंचेंगे। सम्मेलन का आयोजन भारत मंडपम में किया जाएगा। सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके को हाई सिक्योरिटी जोन में बदल दिया गया है। भारत मंडपम के आसपास कई स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बिना अनुमति किसी भी वाहन की आवाजाही पर रोक रहेगी। वीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ रास्तों पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा।
दिल्ली पुलिस के लिए यह आयोजन केवल सुरक्षा का नहीं बल्कि बेहतर प्रबंधन का भी इम्तिहान होगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के साथ-साथ छात्रों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। पुलिस का प्रयास है कि BRICS Summit शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो और परीक्षा देने वाले छात्रों को भी किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर जवान लगातार तैनात रहेंगे।
Location : New Delhi
Published : 11 September 2026, 6:45 PM IST