असम विधानसभा चुनाव 2026: कांग्रेस ने 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, देखें कौन सा नेता कहां से लड़ेगा चुनाव?

कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। AICC की केंद्रीय चुनाव समिति ने नामों को मंजूरी दी। पार्टी ने ऊपरी असम और बराक घाटी की कई अहम सीटों पर दिग्गज चेहरों को उतारा है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 3 March 2026, 10:11 PM IST

New Delhi: असम की सियासत गरमाने लगी है। चुनावी बिगुल बजते ही कांग्रेस ने बड़ा दांव चलते हुए 42 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। राजधानी दिल्ली से लेकर गुवाहाटी तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। टिकट वितरण के साथ ही कई सीटों पर मुकाबला रोचक होने के संकेत मिल रहे हैं।

42 सीटों पर पहली सूची

Akhil Bharatiya Congress Committee (AICC) की केंद्रीय चुनाव समिति ने असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 42 विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी। जारी सूची में ग़ौरिपुर से अब्दुस सोबहान अली सरकार, गोलपाड़ा वेस्ट (एसटी) से मार्कलाइन मराक और बोंगाईगांव से गिरीश बरुआ को टिकट दिया गया है। बरपेटा (एससी) से महानंदा सरकार, बोको-चायगांव (एसटी) से रामेन सिंह राभा और हाजो-सुआलकुची (एससी) से नंदिता दास को मैदान में उतारा गया है।

दिसपुर से मीरा बोरठाकुर गोस्वामी, नलबाड़ी से अशोक कुमार शर्मा, तिहू से रातुल पटवारी और सिपाझार से बिनंदा कुमार सैकिया को उम्मीदवार बनाया गया है। जगिरोड (एससी) से बुबुल दास, रुपहिनाट से नुरुल हुदा, समागुरी से तंजिल हुसैन और राहा (एससी) से उत्पल बनिया को भी मौका मिला है।

ऊपरी असम में भी दिग्गज मैदान में

लुमडिंग से स्वपन कर, बर्चल्ला से रिपुन बोरा, बिहपुरिया से नारायण भुइयां और जोनाई (एसटी) से राज कुमार मेडाक को टिकट दिया गया है। मरघेरिटा से प्रतेक बोरदोलोई, डुलियाजन से ध्रुबा गोगोई और नाहरकटिया से प्रणति फुकन भी सूची में शामिल हैं।

जोरहाट सीट से सांसद Gaurav Gogoi को मैदान में उतारकर कांग्रेस ने साफ संकेत दिया है कि वह मजबूत चेहरों पर दांव लगाने जा रही है। वहीं सोनारी से उत्पल गोगोई और नाजिरा से देबरत सैकिया को भी टिकट मिला है।

बराक वैली पर खास नजर

बराक घाटी की सीटों पर भी कांग्रेस ने संतुलन साधने की कोशिश की है। सिलचर से अभिजीत पाल, सोनाई से अमीनुल हक लस्कर, करीमगंज नॉर्थ से जकारिया अहमद और पाथरकांडी से कार्तिक सेना सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है। राम कृष्ण नगर (एससी) से सुरुचि रॉय को भी मौका मिला है।

आगे और नामों की तैयारी

सूची को पार्टी के महासचिव K. C. Venugopal ने अधिकृत रूप से जारी किया। माना जा रहा है कि कांग्रेस जल्द ही बाकी सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। पहली सूची के बाद राज्य की राजनीति में समीकरण तेजी से बदलने के आसार हैं और अन्य दल भी अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 3 March 2026, 10:11 PM IST