हिंदी
लाखों श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन (Img: Pexels)
New Delhi: अमरनाथ यात्रा 2026 में इस बार श्रद्धालुओं का उत्साह रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। यात्रा शुरू होने के महज पांच दिनों के भीतर 1 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। मंगलवार को अकेले 28 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए, जिसके बाद कुल दर्शनार्थियों की संख्या 1,13,800 के पार पहुंच गई। प्रशासन ने इसे हाल के वर्षों में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला श्रद्धालुओं का आंकड़ा बताया है।
3 जुलाई से शुरू हुई 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा में इस बार देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पहले ही पांच दिनों में एक लाख का आंकड़ा पार होना यात्रा के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी और आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को अमरनाथ यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्य सचिव अटल डुल्लू, अतिरिक्त मुख्य सचिव अश्वनी कुमार, गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्रकर भारती, श्राइन बोर्ड के सीईओ डॉ. मंदीप के. भंडारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं का पंजीकरण सुचारु रूप से हो और उन्हें हर स्तर पर बेहतर सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यात्रा को सभी के लिए यादगार बनाया जाएगा।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यात्रा का सुरक्षित और सफल संचालन सभी संबंधित एजेंसियों की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रशासन इसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ सुनिश्चित कर रहा है।
Location : New Delhi
Published : 8 July 2026, 8:53 AM IST