Air India फ्लाइट हादसा: एक मिनट में 676 फीट नीचे गिरा विमान, रिपोर्ट में हुए चौंकानें वाले खुलासे

फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान एआई-2379 में 4 अगस्त को हुई गंभीर तकनीकी खराबी की शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, विमान महज एक मिनट में 676 फीट नीचे आ गया था।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 August 2026, 12:16 PM IST

New Delhi: फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 में 4 अगस्त को हुई गंभीर तकनीकी खराबी की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।

रिपोर्ट के अनुसार, हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी के चलते विमान के मुख्य कंट्रोल सरफेस 4 सेकंड के लिए ठप हो गए थे। इसके बाद आपात स्थिति में महज 60 सेकंड के भीतर विमान 676 फीट (करीब 60 मंजिला इमारत के बराबर) नीचे आ गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

4 सेकंड तक बंद रहे कंट्रोल सरफेस

जांच में पता चला कि विमान के मुख्य कंट्रोल सरफेस, जिनमें एलिवेटर और एलरॉन शामिल हैं, लगभग 4 सेकंड तक पूरी तरह काम नहीं कर रहे थे। इसी दौरान हाइड्रोलिक सिस्टम में आई खराबी के कारण स्पॉइलर भी निष्क्रिय हो गए। तकनीकी खराबी की वजह से विमान का संतुलन बिगड़ गया और पायलटों को तुरंत आपात कदम उठाने पड़े।

यह भी पढ़ें: Air India Turbulence: कॉकपिट के फर्श पर औंधे मुंह पड़ा मिला था पायलट, एअर इंडिया फ्लाइट टर्बुलेंस केस में बड़ा खुलासा

यात्रियों में मची अफरा-तफरी

विमान की अचानक तेज गिरावट से यात्रियों में घबराहट फैल गई। जिन यात्रियों ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, वे अपनी सीटों से उछलकर ऊपर बने सामान रखने वाले केबिन से टकरा गए। हालांकि, पायलटों की सतर्कता और समय पर उठाए गए कदमों से विमान को सुरक्षित नियंत्रित कर लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

एअर इंडिया का बड़ा फैसला

इस घटना के बाद एअर इंडिया ने उड़ान सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए नया कदम उठाया है। 13 अगस्त से एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के 5,000 से अधिक पायलटों की प्रतिदिन ड्रग और प्रतिबंधित दवाओं की जांच की जाएगी। कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पेशेवर मानकों को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखना है।

यह भी पढ़ें: गांजा पीकर पायलट उड़ा रहा था विमान, सह-पायलट ने संभाला मैनुअल कंट्रोल, एअर इंडिया फ्लाइट टर्बुलेंस मामले में कई खुलासे

तकनीकी कारणों की पड़ताल

फिलहाल इस घटना की विस्तृत जांच जारी है। विशेषज्ञ विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम और कंट्रोल सरफेस में आई खराबी के कारणों की गहराई से जांच कर रहे हैं। अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि तकनीकी खराबी की असली वजह क्या थी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कौन-कौन से अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।

Location :  New Delhi

Published :  14 August 2026, 12:16 PM IST