Maharashtra Accident: दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु, रास्ते में दर्दनाक हादसा; 5 की मौत

महाराष्ट्र के बीड जिले में ST बस और कार की भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 October 2026, 2:23 PM IST

Mumbai: महाराष्ट्र के बीड जिले में एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हादसा माजलगांव तालुका में खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिंदेवाड़ी फाटे के पास हुआ, जहां एक एसटी बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि कार सवार श्रद्धालु तुलजापुर में दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

शिंदेवाड़ी फाटे के पास बस और कार की टक्कर

जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। कार और एसटी बस के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

CCTV में कैद हुआ हादसे का भयावह मंजर

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में सड़क पर वाहन सामान्य रूप से आते-जाते दिखाई देते हैं। इसी दौरान एसटी बस नजर आती है और सामने से आ रही कार उससे जोरदार टक्कर मार देती है। फुटेज में कार अनियंत्रित होती दिखाई देने की बात कही जा रही है। हालांकि, हादसे की परिस्थितियों और टक्कर के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

तुलजापुर दर्शन के लिए जा रहे थे कार सवार

बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग तुलजापुर में दर्शन करने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान और दुर्घटना के कारणों को लेकर आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आ सकती है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर वाहन चलाते समय सावधानी और सड़क सुरक्षा के महत्व को सामने ला दिया है।

Location :  Maharshtra

Published :  18 October 2026, 2:23 PM IST