
प्रतीकात्मक छवि (Img: Google)
Lucknow: लखनऊ स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय (AKTU) में एक बार फिर पेपर लीक का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। 21 मई को आयोजित BTech कंप्यूटर साइंस छठे सेमेस्टर की कंप्यूटर नेटवर्क परीक्षा को विश्वविद्यालय प्रशासन ने रद्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा समाप्त होने के कुछ समय बाद ही प्रश्नपत्र इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और विश्वविद्यालय प्रशासन को जांच के आदेश देने पड़े।
जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर AKTU ने बड़ा निर्णय लेते हुए इस परीक्षा को निरस्त कर दिया है। अब यह परीक्षा 5 जून 2026 को पुनः आयोजित की जाएगी। इस फैसले से छात्रों में असमंजस और नाराजगी दोनों देखने को मिल रहे हैं।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया के अनुसार प्रारंभिक जांच में नोएडा स्थित एक परीक्षा केंद्र पर गंभीर लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि कॉलेज के क्रेडेंशियल लीक हुए और उन्हीं आईडी-पासवर्ड के जरिए पेपर डाउनलोड कर उसे आगे प्रसारित किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय ने जांच कमेटी गठित कर दी है, जो सभी रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित कॉलेज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दुबई से लौटते ही टूटा पति का सपना… पत्नी के एक कबूलनामे ने खोल दी ऐसी कहानी कि पहुंच गया थाने
लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों में चिंता और नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
Location : Lucknow
Published : 26 May 2026, 10:21 AM IST
Topics : AKTU EducationNews ExamCancelled Lucknow Paperleak