इस्लामाबाद वार्ता फेल, ट्रंप का सख्त बयान, कहा- ईरान को नहीं बनाने देंगे परमाणु हथियार

इस्लामाबाद शांति वार्ता विफल होने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उसे परमाणु हथियार नहीं रखने दिए जाएंगे। उन्होंने ईरान की सैन्य क्षमता कमजोर होने का भी दावा किया, जिससे वैश्विक तनाव बढ़ गया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 April 2026, 8:51 AM IST

New Delhi: इस्लामाबाद में हुई अहम शांति वार्ता के विफल होने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का तीखा बयान सामने आया है। बातचीत के असफल रहने से एक बार फिर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। इस घटनाक्रम ने वैश्विक स्तर पर सुरक्षा और परमाणु कार्यक्रम को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

ट्रंप का साफ संदेश- नहीं होगा परमाणु हथियार

पत्रकारों से बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने दो टूक कहा कि ईरान को किसी भी हालत में परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा, “ईरान के पास न्यूक्लियर वेपन नहीं होंगे, यह संभव ही नहीं है।” ट्रंप ने यह भी दावा किया कि हालिया बातचीत के दौरान ईरान ने परमाणु हथियार हासिल करने की अपनी इच्छा स्पष्ट कर दी थी।

बातचीत पर ट्रंप का बेपरवाह रुख

जब उनसे पूछा गया कि क्या भविष्य में बातचीत फिर से शुरू हो सकती है, तो डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें इसकी कोई खास परवाह नहीं है। उन्होंने कहा, “अगर वे बातचीत के लिए वापस आते हैं तो ठीक है, अगर नहीं आते हैं तो भी मुझे कोई आपत्ति नहीं है।” इस बयान से साफ है कि अमेरिका इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाए हुए है।

अमेरिका और ईरान में शांति वार्ता आज, ट्रंप बोले- होर्मुज हर हाल में खोलेंगे

ईरान की सैन्य ताकत पर बड़ा दावा

ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध के बाद ईरान की स्थिति बेहद कमजोर हो चुकी है। उनके अनुसार, ईरान की सैन्य क्षमता लगभग खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ईरान के मिसाइल भंडार और ड्रोन बनाने की क्षमता काफी हद तक नष्ट हो गई है। “उनकी सेना खत्म हो चुकी है और उनके पास अब कोई मजबूत विकल्प नहीं बचा है,” ट्रंप ने कहा।

लीडरशिप में बदलाव का दावा

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने Fox News को दिए इंटरव्यू में दावा किया था कि ईरान की नेतृत्व व्यवस्था में बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों से हाल में बातचीत हुई, वे काफी तेज-तर्रार और समझदार थे। हालांकि उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ईरान ने अपने संसाधनों का बड़ा हिस्सा हथियारों पर खर्च किया, जिसे अमेरिका ने काफी हद तक नष्ट कर दिया है।

‘आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी’…ट्रंप की इस खौफनाक चेतावनी से पूरी दुनिया में खलबली

वैश्विक स्तर पर बढ़ी चिंता

इस्लामाबाद वार्ता के विफल होने और ट्रंप के सख्त बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय में चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बातचीत दोबारा शुरू नहीं होती है, तो क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है। खासकर परमाणु हथियारों को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच टकराव की आशंका बनी हुई है।

Location :  New Delhi

Published :  13 April 2026, 8:51 AM IST