
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (img x)
नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत और चीन समेत कई देशों पर आयात शुल्क (टैरिफ) बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीयर इस सप्ताह सेक्शन 301 के तहत शुरू की गई जांच के नतीजे घोषित कर सकते हैं। यह जांच विदेशी उद्योगों को उनकी सरकारों से मिलने वाली आर्थिक मदद और जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता से जुड़ी है। चीन पर सबसे ज्यादा टैरिफ लगाए जाने की आशंका है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर सेक्शन 301 क्या है और इसका भारत पर क्या असर पड़ सकता है?
सेक्शन 301 अमेरिका के वर्ष 1974 के व्यापार कानून का एक महत्वपूर्ण प्रावधान है। इसके तहत अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि को उन विदेशी व्यापार नीतियों और गतिविधियों की जांच करने का अधिकार मिलता है, जिन्हें अमेरिकी व्यापारिक हितों के खिलाफ माना जाता है। जांच के आधार पर अमेरिका संबंधित देशों के उत्पादों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने समेत अन्य दंडात्मक व्यापारिक कार्रवाई कर सकता है।
इसके अलावा अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय हर साल 'स्पेशल 301 रिपोर्ट' भी जारी करता है। अमेरिकी कांग्रेस के निर्देश पर तैयार होने वाली यह रिपोर्ट दुनियाभर में बौद्धिक संपदा अधिकारों के संरक्षण और उन्हें लागू करने की स्थिति की समीक्षा करती है। इसका उद्देश्य नवाचार को बढ़ावा देने और बौद्धिक संपदा पर आधारित उद्योगों के हितों की रक्षा करना है।
हालांकि, स्पेशल 301 की वार्षिक समीक्षा और विदेशी उद्योगों की अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को लेकर चल रही सेक्शन 301 जांच अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं।
अमेरिका ने इस साल मार्च में 16 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ जांच शुरू की थी। अमेरिका को आशंका है कि विदेशी कंपनियों को उनकी सरकारों से मिलने वाली आर्थिक सहायता के कारण अमेरिकी कंपनियों के मुकाबले अतिरिक्त लाभ मिलता है।
जांच के दायरे में भारत, चीन, यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, मेक्सिको, ताइवान, वियतनाम, थाईलैंड, मलेशिया, कंबोडिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, बांग्लादेश, स्विट्जरलैंड और नॉर्वे शामिल हैं।
जेमीसन ग्रीयर ने कहा था कि जांच उन अर्थव्यवस्थाओं पर केंद्रित होगी, जहां विभिन्न विनिर्माण क्षेत्रों में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता होने के सबूत मौजूद हैं। लंबे समय तक बने रहने वाले व्यापार अधिशेष और उत्पादन क्षमता का पूरा इस्तेमाल नहीं होने जैसे पहलुओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।
अमेरिका ने इस साल जुलाई में इसी प्रावधान के तहत भारत से आने वाले सामान पर 10 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाया था। अब नए टैरिफ की आशंका के बीच भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौता महत्वपूर्ण हो गया है।
इस महीने की शुरुआत में अमेरिका ने भरोसा दिया था कि प्रस्तावित व्यापार समझौते में भारत को समान अर्थव्यवस्था वाले अन्य देशों की तुलना में कम टैरिफ का लाभ मिल सकता है। हालांकि, यह फायदा अंतिम टैरिफ ढांचे पर निर्भर करेगा। भारत इस वित्त वर्ष के अंत तक व्यापार समझौते का पहला चरण पूरा करना चाहता है।
वहीं, मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को हुए नुकसान और महंगाई के बावजूद ट्रंप प्रशासन नए टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए भी इन टैरिफ को हटाना आसान नहीं होगा, क्योंकि ट्रंप संबंधित कानून को वीटो कर सकते हैं।
यह घटनाक्रम ट्रंप के हालिया चीन दौरे के बाद सामने आया है। अगले महीने फ्लोरिडा के डोरल में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के शामिल होने की भी संभावना है।
Location : New Delhi
Published : 25 November 2026, 9:34 AM IST
Topics : Donald Trump tariffs Section 301 Investigation Section 301 Trade Act 1974 US Tariffs on India