
भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक नौका पर हमला (सोर्स- एक्स)
New Delhi: लाल सागर में भू-राजनीतिक तनाव और संघर्ष के बीच एक बड़ी घटना सामने आई है। यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब की सेना ने 14 भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक नौका को अपना निशाना बनाया है। हालांकि, समय रहते यमनी सशस्त्र बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया है। इस घटना ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंताएं खड़ी कर दी हैं।
हूती समर्थित यमनी सशस्त्र बलों के सैन्य प्रवक्ता, ब्रिगेडियर याह्या सरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए इस पूरी घटना की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, लाल सागर में जुकार द्वीप के पास यह नाविकों पर हमला किया गया।
प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा कि शुरुआती रिपोर्ट्स से यह साफ हुआ है कि सऊदी बलों द्वारा इस भारतीय नौका को जानबूझकर निशाना बनाया गया था, जिस पर 14 भारतीय सवार थे। हालांकि, यमनी सेना ने मुस्तैदी दिखाते हुए नौका पर सवार सभी भारतीय नागरिकों को सकुशल बचा लिया है।
इस घटना के बाद हूती विद्रोहियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ब्रिगेडियर याह्या सरी ने इसे एक "गैर-जिम्मेदाराना हमला" करार देते हुए कहा कि इस तरह की हरकतें सीधे तौर पर अंतरराष्ट्रीय नौवहन (शिपिंग) के लिए बड़ा खतरा पैदा करती हैं।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पुरजोर अपील की है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और सऊदी अरब को ऐसी गतिविधियों से रोकें। हालांकि, इस घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां जैसे कि 14 भारतीयों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति और उन्हें निशाना बनाए जाने के सटीक कारण अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
यह सनसनीखेज मामला ऐसे समय में सामने आया है जब क्षेत्र में सऊदी अरब के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिनका सीधा असर अब भारतीय नागरिकों पर भी पड़ने लगा है।
हाल ही में, रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने एक दुखद पुष्टि करते हुए बताया कि बुधवार रात (21 अक्टूबर) को दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक हमला हुआ था। इस दुर्भाग्यपूर्ण हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एक तरफ जहां सऊदी के बुनियादी ढांचे पर हमले बढ़ रहे हैं, वहीं लाल सागर में नौका पर हुई इस ताजा घटना ने खाड़ी क्षेत्र में रह रहे और यात्रा कर रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर नए सिरे से चिंताएं बढ़ा दी हैं।
Location : New Delhi
Published : 23 October 2026, 8:57 AM IST