
पाकिस्तान की मनमानी का भारत ने दिया ऑन-द-स्पॉट जवाब (Img- X)
New Delhi: भारत और पाकिस्तान के बीच राजनयिक संबंधों में जब भी तनाव आता है, तो अक्सर सिर्फ बयानों के तीर चलते हैं। लेकिन इस बार भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने यह साफ कर दिया है कि वह किसी भी एकतरफा कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगा।
इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के सामने पार्किंग सुरक्षा ढांचों को हटाने की पाकिस्तानी मनमानी के जवाब में भारत ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के बाहर बने अस्थायी ढांचों को हटा दिया है। विदेश मंत्रालय ने इस कार्रवाई को 'अनुपातिक और उचित जवाब' (Proportional Action) बताया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि भारत ने इस्लामाबाद में अपने उच्चायोग के बाहर बने ढांचों को हटाने से मना किया था। इसके बावजूद पाकिस्तानी अधिकारियों ने भारतीय आग्रह को दरकिनार करते हुए वहां तोड़-फोड़ की। प्रवक्ता ने कहा, "हमारी स्पष्ट आपत्ति के बावजूद जब वहां कदम उठाया गया, तो हमने भी दिल्ली में उसी के अनुरूप उचित कदम उठाए हैं।"
गुरुवार को हुई इस कार्रवाई के बाद नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग की लेन में मशीनी उपकरण और कटर की मदद से कई ढांचे ढहा दिए गए। मौके पर टूटी हुई मेटल रेलिंग, मुड़े हुए लोहे के फ्रेम, शेड की शीट, कंक्रीट और ईंटों का मलबा बिखरा नजर आया। जिस जगह से आम लोग वीजा के लिए लाइन में लगते थे, वहां बने सर्विस विंडो (विंडो-1 और विंडो-5) के आसपास का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
अधिकारियों ने डिप्लोमैटिक कंपाउंड के सुरक्षा घेरे से जुड़े ट्रैफिक बोलार्ड और बैरिकेड्स भी हटा दिए हैं। भारत के इस कड़े रुख से यह संदेश साफ है कि यदि सीमा पार भारतीय राजनयिकों या मिशन की संपत्तियों के साथ कोई अनुचित व्यवहार होगा, तो उसका सटीक और तुरंत जवाब दिया जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 22 August 2026, 10:08 AM IST
Topics : India Pakistan Islamabad MEA World News