यमन में हूतियों का बड़ा मिसाइल हमला, सैन्य ट्रेनिंग कैंप में 20 की मौत; कई घायल

यमन में हूती विद्रोहियों ने एक बार फिर बड़ा हमला किया है। शबवा प्रांत में यमन सरकार के सैन्य प्रशिक्षण शिविर को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं।

Updated : 19 October 2026, 8:02 PM IST

New Delhi: यमन में हूती विद्रोहियों ने एक बार फिर बड़ा हमला किया है। शबवा प्रांत में यमन सरकार के सैन्य प्रशिक्षण शिविर को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। यमन सरकार के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 20 लड़ाकों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक सैनिक घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, हमले में कम से कम तीन बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। हमले के बाद सामने आई तस्वीरों में शिविर में भारी तबाही और मलबा दिखाई दिया।

हूती विद्रोहियों के बीच लड़ाई लगातार जारी

इस हमले ने यमन में जारी संघर्ष को और गंभीर बना दिया है। सऊदी अरब समर्थित यमन सरकार और हूती विद्रोहियों के बीच लड़ाई लगातार जारी है। वर्ष 2022 में हुए संघर्षविराम के बाद बनी शांति की स्थिति फिर बिगड़ गई है। सैन्य शिविर पर हमले को हाल के दिनों में यमन में हुए घातक हमलों में से एक बताया जा रहा है।

ट्रेन में सफर करते हैं तो सावधान! ये गलती पड़ सकती है भारी…रेलवे की चेतावनी

दूसरी ओर, सऊदी अरब की ओर से किए गए हवाई हमलों में भी लोगों के मारे जाने की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई, जिनमें पांच बच्चे और दो महिलाएं शामिल बताए गए हैं। इस बीच, यमन के ताइज प्रांत में भी संघर्ष तेज हो गया है। हूती विद्रोहियों की गोलीबारी में एक आम नागरिक की मौत और पांच अन्य लोगों के घायल होने की खबर है।

बुनियादी जरूरतों को लेकर चिंता

यमन में बिगड़ते हालात के बीच मानवीय संकट भी गहराता जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि प्रभावित इलाकों में भोजन की आपूर्ति कम हो रही है। स्थानीय प्रशासन ने हूती विद्रोहियों पर पानी के टैंकरों की आपूर्ति रोकने का आरोप भी लगाया है। लगातार जारी हमलों से आम नागरिकों की सुरक्षा और बुनियादी जरूरतों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Location :  New Delhi

Published :  19 October 2026, 8:02 PM IST