
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (Img: Pinterest)
New Delhi: भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा जल संधि 12 दिसंबर 1996 को हुई थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और बांग्लादेश की तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। यह संधि 30 साल के लिए की गई थी, जिसकी अवधि अब समाप्त होने वाली है। नवंबर का आखिरी सप्ताह चल रहा है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दोनों देश इस समझौते को आगे बढ़ाएंगे या पानी के बंटवारे के लिए कोई नया रास्ता निकालेंगे।
21 और 22 नवंबर को ढाका में भारत और बांग्लादेश के प्रतिनिधियों के बीच संयुक्त समिति की 91वीं बैठक हुई। इस दौरान गंगा जल बंटवारे और संधि से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। हालांकि, बैठक के बाद संधि के नवीनीकरण को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।
यह संधि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद स्थित फरक्का बैराज पर गंगा नदी के पानी के बंटवारे से जुड़ी है। इसके नियम मुख्य रूप से हर साल 1 जनवरी से 31 मई तक लागू होते हैं। इस दौरान नदी में पानी का स्तर कम रहता है और हर 10 दिन में पानी के बहाव की समीक्षा की जाती है। पानी की उपलब्धता के आधार पर दोनों देशों के बीच बंटवारा होता है। इसके लिए दोनों देशों के प्रतिनिधियों की एक संयुक्त समिति बनाई गई है।
फरक्का बैराज (Img: Pinterest)
संधि के तहत पानी के बंटवारे के नियम इस प्रकार हैं:
70 हजार क्यूसेक या इससे कम पानी - भारत और बांग्लादेश को 50-50 प्रतिशत हिस्सा मिलता है।
70 हजार से 75 हजार क्यूसेक पानी - बांग्लादेश को 35 हजार क्यूसेक और बाकी पानी भारत को मिलता है।
75 हजार क्यूसेक या इससे अधिक पानी - भारत को 40 हजार क्यूसेक और शेष पानी बांग्लादेश को दिया जाता है।
ये भी पढ़ें: शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी, उनके गृह जनपद में भारी हिंसा, 30 से ज्यादा अवामी लीग के कार्यकर्ता घायल
संधि में किसी भी देश को न्यूनतम पानी मिलने की पक्की गारंटी नहीं दी गई है। हालांकि, आपात स्थिति के लिए एक विशेष व्यवस्था मौजूद है। इसके अनुच्छेद II(iii) के अनुसार, अगर लगातार 10 दिनों तक पानी का बहाव 50 हजार क्यूसेक से कम रहता है, तो दोनों देशों की सरकारें तत्काल बातचीत करेंगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 12 दिसंबर के बाद दोनों देश पुराने समझौते को आगे बढ़ाते हैं या गंगा के पानी के बंटवारे के लिए नई व्यवस्था तैयार करते हैं।
Location : New Delhi
Published : 26 November 2026, 4:00 PM IST
Topics : Farakka Barrage Ganga Water Agreement Renewal Ganga River India Bangladesh relations Water Treaty 2026