साइक्लोन दित्वा का कहर: श्रीलंका में अब तक 56 की मौत, भारत ने शुरू किया ‘ऑपरेशन सागर बंधु’

साइक्लोन दित्वा ने श्रीलंका में तबाही मचा दी है। अब तक 123 मौतें, 130 लोग लापता और 2 लाख से अधिक प्रभावित हुए हैं। भारत ने ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत राहत सामग्री और NDRF टीम भेजी है। तूफान 29–30 नवंबर को भारत में लैंडफॉल करेगा।

Post Published By: ईशा त्यागी
Updated : 29 November 2025, 2:53 PM IST

Sri Lanka: साइक्लोन दित्वा ने श्रीलंका में भारी तबाही मचा दी है। मूसलाधार बारिश और भीषण बाढ़ ने पूरे देश में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। श्रीलंका की डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर (DMC) के अनुसार, अब तक 56 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 130 लोग लापता हैं। देश के 61,000 परिवारों के 2 लाख से अधिक लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं।

कैंडी और बदुल्ला में सबसे ज्यादा तबाही

सेंट्रल प्रोविंस के कैंडी जिले में राहत अधिकारियों का कहना है कि मौत का आंकड़ा और भी अधिक हो सकता है, क्योंकि शुक्रवार देर रात तक सिर्फ इसी जिले में 50 से अधिक मौतें रिपोर्ट हुई थीं, हालांकि ये अभी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई हैं।

वहीं बदुल्ला जिला, जो पहाड़ी इलाका है, वहां भी भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। यहां 35 से अधिक लोगों की मौत की खबर है और कई लोग अभी भी लापता हैं।

केलानी नदी में भीषण बाढ़

राजधानी कोलंबो से होकर बहने वाली केलानी नदी शुक्रवार शाम को उफान पर आ गई और कई जगहों पर अपना तटबंध तोड़ दिया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश दिया।

सैकड़ों लोगों को अस्थायी राहत शिविरों में भेजा गया है। निम्न-क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

श्रीलंका का मौसम अपडेट

शनिवार तक राजधानी कोलंबो सहित कई इलाकों में बारिश कम हो चुकी है, लेकिन उत्तरी हिस्सों में अभी भी हल्की बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 200 mm तक बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

DMC ने कहा कि साइक्लोन दित्वा अब श्रीलंका से दूर हटते हुए भारत की ओर बढ़ रहा है और देर रात तक देश से पूरी तरह बाहर निकल सकता है।

भारत की बड़ी मदद: ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ शुरू

श्रीलंका की इस बड़ी आपदा में मदद के लिए भारत ने शुक्रवार को “ऑपरेशन सागर बंधु” शुरू किया है। भारतीय नौसेना के एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत और INS उदयगिरी के जरिए राहत सामग्री श्रीलंका भेजी गई।

शनिवार को भारतीय वायुसेना (IAF) ने भी बड़ा राहत अभियान चलाया। IAF ने 21 टन राहत सामग्री, 80 से अधिक NDRF कर्मी और 8 टन उपकरण श्रीलंका पहुंचाए। इसके लिए C-130 और IL-76 जैसे भारी विमान का इस्तेमाल किया गया।

भारत में कब करेगी साइक्लोन दित्वा लैंडफॉल?

IMD के अनुसार, साइक्लोन दित्वा 29 नवंबर की शाम से 30 नवंबर की सुबह के बीच उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश के बीच लैंडफॉल करेगा।

भारत के कई राज्यों में इसका प्रभाव पड़ने की संभावना है:

  • तमिलनाडु
  • आंध्र प्रदेश
  • कर्नाटक
  • केरल
  • तेलंगाना

इन राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

Location : 
  • Sri Lanka

Published : 
  • 29 November 2025, 2:53 PM IST