अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा: आज से पहले 5 बार हो चुके प्लेन क्रैश, जानें कितने लोगों की हुई मौत

आज जो अहमदाबाद में विमान हादसा हुआ, वह पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी 5 बार भारत में ऐसे हादसे हुए हैं। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 12 June 2025, 4:15 PM IST
google-preferred

अहमदाबाद: गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक भयावह विमान हादसा हुआ, जिसने पूरे देश को हिला दिया। एयर इंडिया का एक अंतरराष्ट्रीय विमान, जो अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भर रहा था, वह टेक ऑफ के कुछ मिनट बाद ही क्रैश हो गया। यह विमान बोइंग 787 ड्रीमलाइनर था, जो 11 साल से सेवा में था।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 1:40 बजे हुआ और विमान ने 1:38 बजे टेक ऑफ किया था। अहमदाबाद एयरपोर्ट से लगभग 15 किलोमीटर दूर मेघानीनगर क्षेत्र में एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे के समय विमान में 242 लोग सवार थे।

आइए डालते हैं नजर भारत के 5 सबसे बड़े विमान हादसों पर

1. एयर इंडिया फ्लाइट 855 (वर्ष 1978): बीते 1 जनवरी 1978 को मुंबई से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद बोइंग 747 विमान अरब सागर में गिर गया। इस दुर्घटना में सभी 213 यात्री और चालक दल मारे गए। हादसे की वजह इंस्ट्रूमेंट फेल्योर और पायलट की गलती थी।

2. एयर इंडिया फ्लाइट 182-'कनिष्क' (वर्ष 1985): 23 जून 1985 को आयरलैंड के तट के पास अटलांटिक महासागर में उड़ान के दौरान विमान में बम धमाका हुआ। इसमें 329 लोगों की जान गई, जिनमें अधिकतर कनाडाई-भारतीय नागरिक थे। इसे भारत का सबसे बड़ा और आतंकवाद से जुड़ा विमान हादसा माना जाता है।

3. इंडियन एयरलाइंस फ्लाइट 605 (वर्ष 1990): 14 फरवरी 1990 को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय एयरबस A320 रनवे से आगे बढ़कर खेतों में जा गिरा। आग लगने से 92 लोगों की जान चली गई। जांच में पायलट की गलती और तकनीकी खामी सामने आई थी।

4. एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट 812 (वर्ष 2010): 22 मई 2010 को दुबई से मैंगलोर लौट रही फ्लाइट लैंडिंग के समय रनवे से फिसल गई और खाई में गिर गई। हादसे में 158 लोग मारे गए। पायलट की थकान और रनवे ओवरशूट इस हादसे के प्रमुख कारण थे।

5. एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट 1344 ( वर्ष 2020): 7 अगस्त 2020 को कोझिकोड एयरपोर्ट पर भारी बारिश के दौरान विमान रनवे से फिसल गया और दो हिस्सों में टूट गया। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हुई। यह फ्लाइट वंदे भारत मिशन के तहत चलाई गई थी।

Location : 

Published :