
प्रतीकात्मक छवि
नई दिल्ली: एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों जेद्दा, रियाद और दमाम से आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। एयरलाइन के सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, यह रोक 24 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी। इस फैसले से प्रभावित यात्रियों को टिकट री-बुक करने, वैकल्पिक शहर से यात्रा करने और रिफंड लेने के विकल्प दिए गए हैं।
एअर इंडिया के अनुसार, जिन यात्रियों के कन्फर्म टिकट 15 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी किए गए हैं और जिनकी यात्रा 9 से 25 अक्टूबर 2026 के बीच निर्धारित है, उन्हें विशेष सुविधा मिलेगी।
पात्र यात्री संबंधित एयरलाइन में 10 नवंबर 2026 तक एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदलवा सकते हैं। यह सुविधा निर्धारित शर्तों और पात्र बुकिंग पर लागू होगी। एयरलाइन ने कहा है कि वह उड़ानों के निलंबन से यात्रियों की योजनाओं पर पड़ने वाले असर को समझती है और उन्हें यात्रा में अधिक लचीलापन देने का प्रयास कर रही है।
जेद्दा, रियाद और दमाम की उड़ानें प्रभावित होने पर यात्री खाड़ी क्षेत्र के कुछ अन्य शहरों के जरिए यात्रा की री-बुकिंग करा सकते हैं। हालांकि, यह विकल्प संबंधित एयरलाइन में सीटों की उपलब्धता और लागू शर्तों पर निर्भर करेगा।
एअर इंडिया के यात्री दुबई या दोहा से आने-जाने वाली उड़ानों में री-बुकिंग का विकल्प चुन सकते हैं।
वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह या शारजाह से आने-जाने वाली उड़ानों का विकल्प चुन सकते हैं।
एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि यदि यात्री किसी दूसरे शहर से यात्रा करने का विकल्प चुनते हैं, तो उन्हें अपने पसंदीदा प्रस्थान शहर तक पहुंचने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। इसके अलावा, संबंधित देश के वीजा, प्रवेश और अन्य यात्रा नियमों का पालन करना भी जरूरी होगा।
यात्रा से पहले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति, री-बुकिंग की पात्रता, रिफंड के नियम और वैकल्पिक उड़ानों की उपलब्धता की पुष्टि संबंधित एयरलाइन से कर लें।
Location : New Delhi
Published : 17 October 2026, 2:49 PM IST
Topics : Air India flight update Air India refund policy Air India Express flight cancellation October 2026 Saudi Arabia flights suspended