ट्रेलर दिखा चुके हैं, अब पूरी पिक्चर बाकी’… बादशाह को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की चेतावनी

बॉलीवुड रैपर बादशाह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है। पानीपत में हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए जारी एक नोट में बादशाह को सीधे निशाना बनाया गया है। दूसरी ओर टटीरी गाने को लेकर हरियाणा महिला आयोग पहले से ही उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 March 2026, 8:46 PM IST

New Delhi: बॉलीवुड के चर्चित रैपर और सिंगर बादशाह के लिए इन दिनों हालात लगातार मुश्किल होते जा रहे हैं। एक तरफ हरियाणा में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का खतरा मंडरा रहा है, तो दूसरी तरफ अब कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने उन्हें खुली धमकी दे डाली है। पानीपत में हुई फायरिंग की घटना के बाद गैंग की ओर से जारी एक नोट में न सिर्फ फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई, बल्कि सिंगर बादशाह को सीधे गोली मारने की धमकी भी दी गई। इस धमकी के सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पानीपत फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा

गैंग की ओर से जारी किए गए नोट में कहा गया कि पानीपत के असंध रोड स्थित वेस्टर्न यूनियन से जुड़े एक कार्यालय पर हुई फायरिंग उनकी ओर से कराई गई थी। इस नोट में कथित तौर पर रंदीप मलिक और अनिल पंडित नाम के लोगों ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। गैंग का दावा है कि यह लोग हवाला के जरिए देश का पैसा विदेश भेज रहे थे और इससे देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान हो रहा था। नोट में लिखा गया कि उन्हें पहले फोन कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

बादशाह को दी सीधी चेतावनी

जारी किए गए नोट में सिंगर बादशाह को सीधे निशाने पर लिया गया है। गैंग की ओर से कहा गया कि उन्होंने हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की है। नोट में धमकी भरे अंदाज में लिखा गया कि अगली बार सीधे गोली मार दी जाएगी। इस धमकी के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके फैंस के बीच भी चिंता का माहौल बन गया है।

अंडरवर्ल्ड की दुनिया में तहलका, लॉरेंस बिश्नोई गैंग में लेडी डॉन की एंट्री, कुख्यात शार्पशूटरों के लिए करती थी यह काम

टटीरी गाने को लेकर पहले से विवाद

दरअसल सिंगर बादशाह पहले से ही अपने एक गाने को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं। हरियाणवी गाना “टटीरी” को लेकर कई संगठनों और लोगों ने आपत्ति जताई थी। उनका आरोप था कि इस गाने में इस्तेमाल किए गए शब्दों से हरियाणा की संस्कृति और महिलाओं की छवि को ठेस पहुंची है।

महिला आयोग ने दिए सख्त निर्देश

हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष Renu Bhatia ने इस मामले में पुलिस को कड़े निर्देश दिए हैं। आयोग ने कहा है कि यदि बादशाह जांच में सहयोग नहीं करते हैं तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जा सकता है। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर उनका पासपोर्ट भी जब्त किया जा सकता है ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।

ड्रामा क्वीन राखी सावंत ने लॉरेंस बिश्नोई को बताया अपना भाई, कपिल शर्मा को बताया झूठा, जानें पूरा मामला

देशभर में विरोध के बाद मांगी थी माफी

टटीरी गाने को लेकर बढ़ते विरोध के बाद सिंगर बादशाह ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा था कि वह एक “प्राउड हरियाणवी” हैं और उनका कभी भी किसी महिला या बच्चे का अपमान करने का इरादा नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके गाने से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।

सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट

गैंगस्टर की धमकी सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाला नोट असली है या किसी ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के लिए जारी किया है। अगर धमकी की पुष्टि होती है तो यह मामला और गंभीर हो सकता है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 14 March 2026, 8:46 PM IST