
सितंबर 2026 में रहेगा एंटरटेनमेंट का डबल डोज (Img- Instagram)
Mumbai: फिल्म प्रेमियों के लिए सितंबर का महीना किसी बड़े जश्न से कम नहीं होने वाला है। इस महीने बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड और साउथ सिनेमा की एक से बढ़कर एक 8 धमाकेदार फिल्में दस्तक देने जा रही हैं। क्राइम ड्रामा से लेकर साइकोलॉजिकल थ्रिलर और हॉरर फिल्मों तक, दर्शकों को हर तरह का रोमांच देखने को मिलेगा।
इस महीने की सबसे बड़ी हाइप 'मिर्जापुर द मूवी' को लेकर है, जो 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ओटीटी पर गदर मचाने के बाद पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु अब बड़े पर्दे पर भौकाल काटने आ रहे हैं, जिसमें रवि किशन और जितेंद्र कुमार का नया तड़का भी देखने को मिलेगा।
बॉलीवुड के दो दिग्गज स्टार्स अक्षय कुमार और सैफ अली खान सालों बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं। प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'हैवान' सितंबर में रिलीज होगी।
इस फिल्म में सैफ अली खान एक दृष्टिहीन व्यक्ति की भूमिका में दिखेंगे, जबकि अक्षय कुमार नेगेटिव रोल यानी विलेन के किरदार से दर्शकों को हैरान करेंगे। बोमन ईरानी भी इस फिल्म का अहम हिस्सा हैं, जो दर्शकों को एक अलग ही रोमांच का अहसास कराएंगे।
सितंबर का महीना क्राइम और थ्रिलर के प्रेमियों के लिए शानदार रहेगा। 18 सितंबर को करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर क्राइम थ्रिलर 'दायरा' रिलीज हो रही है, जिसे मेघना गुलजार ने निर्देशित किया है। उसी दिन अक्षय ओबेरॉय की मर्डर मिस्ट्री 'लव लॉटरी' भी पर्दे पर आएगी।
इसके अलावा, काफी इंतजार के बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की सुपरनैचुरल थ्रिलर 'वन – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' 25 सितंबर, 2026 को दुनियाभर में रिलीज होने के लिए तैयार है।
साउथ सिनेमा भी इस महीने बॉक्स ऑफिस पर राज करने के लिए पूरी तरह तैयार है। 4 सितंबर को जीवी. प्रकाश कुमार की हॉरर-थ्रिलर 'इम्मॉर्टल' रिलीज होगी। इसके बाद 10 सितंबर को कार्थी स्टारर एक्शन थ्रिलर 'सरदार 2' थिएटर्स में एंट्री मारेगी।
यूट्यूबर से बॉलीवुड स्टार तक… एल्विश यादव ने किया बड़ा ऐलान, इस फिल्म से करेंगे डेब्यू
महीने के अंत में यानी 24 सितंबर को नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द पैराडाइज' रिलीज होगी, जिसका निर्देशन श्रीकांत ओडेला ने किया है। कुल मिलाकर, सितंबर का महीना सिनेमा के शौकीनों के लिए सरप्राइज और मनोरंजन से भरपूर रहने वाला है।
Location : Mumbai
Published : 20 August 2026, 3:52 PM IST