“अंधे होने से भी ज्यादा बुरा होता है बेवकूफ होना…” अक्षय-सैफ की ‘हैवान’ में छिपा है कौन सा बड़ा राज?

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ‘हैवान’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। सैफ जहां नेत्रहीन किरदार में नजर आ रहे हैं, वहीं अक्षय का डार्क अवतार कहानी को रहस्यमय बना देता है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 25 August 2026, 3:59 PM IST

Mumbai: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘हैवान’ का ट्रेलर 25 अगस्त को रिलीज हो गया है। लंबे समय बाद दोनों कलाकार एक साथ पर्दे पर दिखाई देने वाले हैं और ट्रेलर में दोनों का अंदाज देखकर फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

2 मिनट 34 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत सैफ अली खान के किरदार से होती है। वह एक नेत्रहीन व्यक्ति की भूमिका में नजर आते हैं। कहानी आगे बढ़ती है तो माहौल डरावना और रहस्यमय होता जाता है। इसके बाद अक्षय कुमार की एंट्री कहानी को पूरी तरह दूसरी दिशा में ले जाती है।

सैफ बने नेत्रहीन शख्स

ट्रेलर में सैफ का किरदार लगातार किसी अनजाने खतरे के साए में नजर आता है। ऐसा लगता है कि कोई उसके पीछे पड़ा है और उसकी जान खतरे में है। लेकिन वह कौन है और उसके पीछे क्यों पड़ा है, इसका जवाब ट्रेलर पूरी तरह नहीं देता। सैयामी खेर पुलिस अधिकारी की भूमिका में दिखाई देती हैं। वह कुछ ऐसी घटनाओं का जिक्र करती हैं, जिनमें पूरे परिवारों के खत्म होने की बात सामने आती है। इन घटनाओं और सैफ के किरदार के बीच क्या संबंध है, यही कहानी का बड़ा रहस्य नजर आता है।

1 मिनट बाद बदल जाता है पूरा खेल

ट्रेलर का सबसे खास हिस्सा अक्षय कुमार की एंट्री है। करीब 1 मिनट 15 सेकंड के बाद अक्षय का किरदार सामने आता है और कहानी अचानक नया मोड़ लेती है। उनका लुक और अंदाज पहले के मुकाबले काफी अलग दिखाई देता है।अक्षय एक बेहद डार्क और खतरनाक किरदार में नजर आ रहे हैं। उनका एक डायलॉग, “अंधे होने से भी ज्यादा बुरा होता है बेवकूफ होना”, ट्रेलर में खास ध्यान खींचता है। इसके बाद साफ हो जाता है कि यह सिर्फ पुलिस और अपराधी की सीधी कहानी नहीं है।

ये भी पढ़ें- Mahakali Trailer Release: अक्षय खन्ना बने शुक्राचार्य, असुरों के गुरू का रौद्र रूप देखकर खड़े हो जाएंगे रौंगटे

बदले की आग में जल रहा है अक्षय का किरदार

ट्रेलर से संकेत मिलता है कि अक्षय का किरदार बदले की आग में जल रहा है। उसके इरादे खतरनाक हैं और वह अपने रास्ते में आने वालों को छोड़ने के मूड में नहीं दिखता। वहीं सैफ का किरदार अपनी जिंदगी बचाने की कोशिश करता दिखाई देता है। दोनों के बीच यह टकराव फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाता है। कौन सही है और कौन असली ‘हैवान’, इसका जवाब फिल्म देखने के बाद ही मिलेगा।

पुलिस, जज और कई चेहरे कहानी में शामिल

फिल्म में सैयामी खेर पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं, जबकि बोमन ईरानी जज के किरदार में दिखाई देंगे। श्रिया पिलगांवकर और शारिब हाशमी भी फिल्म का हिस्सा हैं। निर्देशक प्रियदर्शन ने इस बार कॉमेडी से अलग एक डार्क थ्रिलर का रास्ता चुना है। ट्रेलर में बैकग्राउंड स्कोर और तेज घटनाक्रम सस्पेंस को और मजबूत करते हैं। कहानी में पीछा, डर और रहस्य का मेल देखने को मिल रहा है।

ये भी पढ़ें- Independence Day 2026: कंगना ने लहराया तिरंगा, अक्षय कुमार ने दी बधाई, देखें सितारों ने कैसे मनाया आजादी का जश्न?

11 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

‘हैवान’ का निर्माण KVN Productions और Thespian Films के बैनर तले किया गया है। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी पहली बार इस तरह के डार्क और रहस्यमय अंदाज में नजर आएगी। फिल्म 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिलहाल ट्रेलर ने एक सवाल जरूर छोड़ दिया है- आखिर इस पूरी कहानी में असली शिकारी कौन है और शिकार कौन?

Location :  Mumbai

Published :  25 August 2026, 3:59 PM IST