लगा अब जिंदगी यहीं तक थी… मां को याद कर भावुक हुए गोविंदा, सुनाया जिंदगी का सबसे कठिन किस्सा

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने एक इंटरव्यू में अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मां के निधन के बाद वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गए थे। एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें लगा कि अब जिंदगी में कुछ नहीं बचा, लेकिन बच्चों का ख्याल आने से उन्होंने खुद को संभाल लिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 August 2026, 4:40 PM IST

New Delhi: लंबे समय से फिल्मों से दूर रहे अभिनेता गोविंदा जल्द ही फिल्म रूपा के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। इसी बीच उन्होंने एक इंटरव्यू में अपनी निजी जिंदगी के ऐसे अनुभव साझा किए, जिन्हें सुनकर उनके प्रशंसक भी भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि मां के निधन के बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया था।

गोविंदा ने बताया कि उनकी मां के निधन का उन पर गहरा असर पड़ा था। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें लगा जैसे उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा छिन गया हो। वह मानसिक रूप से इतने परेशान हो गए थे कि उन्हें जीवन में आगे कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। अभिनेता ने बताया कि उसी दौरान वह नर्मदा नदी तक पहुंच गए थे। उन्हें लगा कि शायद आगे बढ़ने पर उनकी मां मिल जाएंगी। उस पल उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि अब उनकी जिंदगी यहीं तक थी।

बच्चों का ख्याल बना जीने की वजह

गोविंदा ने कहा कि जब वह बेहद भावुक स्थिति में थे, तभी अचानक उन्हें अपने बच्चों का ख्याल आया। उन्होंने महसूस किया कि उनके बच्चों को उनकी जरूरत है। यही सोच उन्हें वापस जिंदगी की ओर ले आई। उन्होंने माना कि वह समय उनके जीवन का सबसे कठिन दौर था।

यह भी पढ़ें: Bollywood News: कान्स में ट्रोल हुईं ऐश्वर्या राय, सपोर्ट में उतरीं माधुरी; कहा- वो ग्लोबल स्टार हैं…

आत्महत्या के सवाल पर दिया जवाब

इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने जा रहे थे, तो उन्होंने कहा कि कुछ हद तक ऐसा ही हो गया था। गोविंदा का यह बयान उनके जीवन के संघर्ष और मानसिक स्थिति को दर्शाता है।

अंडरवर्ल्ड की धमकियों पर भी बोले

बातचीत के दौरान गोविंदा ने उस दौर को भी याद किया जब फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों को अंडरवर्ल्ड से धमकियां मिलती थीं। उन्होंने कहा कि उस समय यह समस्या सिर्फ उनके साथ नहीं, बल्कि कई बड़े कलाकारों के साथ थी। इसलिए वह भी इससे अछूते नहीं रहे।

राजेश खन्ना और धर्मेंद्र का भी किया जिक्र

गोविंदा ने इंटरव्यू में दिग्गज अभिनेता राजेश खन्ना और धर्मेंद्र के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि दोनों कलाकार अपने काम की योजना तो अच्छी तरह बनाते थे, लेकिन काम के बाद अपनी सार्वजनिक इमेज पर ज्यादा ध्यान नहीं देते थे।

Location :  New Delhi

Published :  9 August 2026, 4:39 PM IST