
सबसे चहेते कपल का कड़वा मोड़ (Img- Pinterest)
Mumbai: बिग बॉस 13 के सेट से शुरू हुई आसिम रियाज और हिमांशी खुराना की प्रेम कहानी अब विवादों और कड़वाहट के ऐसे चक्रव्यूह में फंस चुकी है, जहां से वापसी का कोई रास्ता नजर नहीं आता। करीब चार साल तक एक-दूसरे के प्यार में डूबे रहने और साल 2023 में आधिकारिक रूप से अलग होने के बावजूद दोनों के बीच का मनमुटाव खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।
हाल ही में हिमांशी खुराना ने पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में एक बड़ा दावा करते हुए कहा था कि उन पर 'धर्म परिवर्तन' का दबाव बनाया गया था और वह अपने भगवान को धोखा नहीं देना चाहती थीं। हिमांशी के इस संवेदनशील और संगीन आरोप ने सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी, जिसके बाद अब आसिम रियाज ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए एक लंबे-चौड़े पोस्ट के जरिए जोरदार पलटवार किया है।
आसिम रियाज ने हिमांशी के सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में कभी किसी व्यक्ति से अपना धर्म बदलने के लिए नहीं कहा। आसिम ने लिखा कि धर्म एक बेहद निजी और संवेदनशील विषय है, और किसी की इतनी व्यक्तिगत भावना को मेरे खिलाफ नफरत फैलाने की वजह बनाना बेहद बचकाना है।
सितंबर में बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका: मिर्जापुर द मूवी से हैवान तक, रिलीज होंगी 8 बड़ी फिल्में
उन्होंने हिमांशी का नाम लिए बिना उन पर तंज कसा कि यह हरकत सिर्फ यह दर्शाती है कि अटेंशन, सुर्खियां और व्यूज पाने के लिए कोई इंसान किस हद तक नीचे गिर सकता है। आसिम ने दावा किया कि हिमांशी से उनकी मुलाकात के बाद ही उन्होंने उन्हें फिटनेस की ओर प्रेरित किया था और उससे पहले उनकी क्या स्थिति थी, यह बात किसी से छुपी नहीं है।
आसिम रियाज का गुस्सा केवल हिमांशी तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने पॉडकास्ट के होस्ट और 'बिग बॉस 13' के अपने सह-प्रतिभागी पारस छाबड़ा को भी बुरी तरह निशाने पर लिया। पारस की शारीरिक बनावट पर तीखा तंज कसते हुए आसिम ने उन्हें 'सुअर जैसे पेट वाला इंसान' करार दिया और सलाह दी कि दूसरों की जिंदगी पर गॉसिप का पेशा चलाने के बजाय उन्हें जिम में थोड़ा वक्त बिताना चाहिए।
पैसे और स्टेटस को लेकर चल रही चर्चाओं पर आसिम ने कहा कि बैंक स्टेटमेंट से यह साफ हो जाएगा कि किसके पास कितना पैसा है, लेकिन पैसा कभी भी किसी इंसान के चरित्र का पैमाना नहीं होता।
अपने करियर का जिक्र करते हुए आसिम ने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें अपनी पहचान बनाने के लिए कभी किसी के सहारे की जरूरत नहीं पड़ी और न ही कोई बिना किसी योगदान के उनके करियर का क्रेडिट ले सकता है। सालों पुराने रिश्ते की निजी बातों को गॉसिप का रूप देकर सामने लाने की प्रवृत्ति को आसिम ने घटिया सोच करार दिया है।
2023 में ब्रेकअप के वक्त दोनों ने धार्मिक मतभेदों को वजह बताया था, लेकिन अब सार्वजनिक बयानों और एक-दूसरे पर लगाए जा रहे तीखे आरोपों ने इस विवाद को एक नया और खौफनाक मोड़ दे दिया है।
Location : Mumbai
Published : 24 August 2026, 12:56 PM IST