अतीक अहमद का नाम लेकर रची गई करोड़ों की चाल! आखिर कैसे 1.20 करोड़ रुपये का हुआ खेल?

वाराणसी में कारोबार के नाम पर 1.20 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में दंपती उमंग ग्रोवर और पूजा ग्रोवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। आरोप है कि दोनों ने फर्जी दस्तावेज, एक से अधिक पैन कार्ड और माफिया अतीक अहमद का नाम लेकर पीड़ित से रकम हड़पने की साजिश रची।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 July 2026, 11:03 AM IST

Varanasi: वाराणसी में कारोबारी लेनदेन के नाम पर करीब 1.20 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में कैंट थाने की पुलिस ने उमंग ग्रोवर और उनकी पत्नी पूजा ग्रोवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि दंपती ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए माफिया अतीक अहमद का नाम लेकर एक सुनियोजित साजिश रची और करोड़ों रुपये हड़पने का प्रयास किया।

व्यवसाय के नाम पर लिया था करोड़ों का निजी ऋण

सूर्य ग्रीन कॉलोनी क्लब निवासी पीयूष वर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वर्ष 2016 में उनके मित्र उमंग ग्रोवर ने प्रयागराज में व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक मदद मांगी थी। उसने रकम को निजी ऋण बताया और भरोसा दिलाया कि निर्धारित समय पर ब्याज सहित पूरी राशि लौटा देगा।

पीड़ित के अनुसार, उनकी पत्नी और मां गीता वर्मा ने मिलकर 1 करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपये उमंग ग्रोवर को दिए थे।

ई-मेल से स्वीकार किया था बकाया, फिर बदल गए तेवर

शिकायत में कहा गया है कि शुरुआत में उमंग ग्रोवर ने मई 2017 में ई-मेल के माध्यम से बकाया राशि स्वीकार की थी। इसके बाद दिसंबर 2020 में ब्याज की गणना से जुड़ी एक कैलकुलेशन शीट भी भेजी गई। इससे पीड़ित को भरोसा था कि रकम वापस मिल जाएगी।

हालांकि, समय बीतने के साथ आरोपियों ने भुगतान से बचना शुरू कर दिया और मामला विवाद में बदल गया।

चेक बाउंस हुए, बैंक खाता भी निकला फर्जी

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों की ओर से बंधन बैंक के जो चेक दिए गए थे, वे बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए। जांच में सामने आया कि जिस खाते से चेक जारी किए गए थे, वह अस्तित्व में ही नहीं था। इसके बाद पूरे मामले में धोखाधड़ी की आशंका और गहरा गई।

Amarnath Yatra 2026: बारिश और कोहरे को मात देकर गुफा पहुंचे श्रद्धालु, पहले जत्थे ने किए बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन

एक से अधिक पैन कार्ड और अतीक अहमद के नाम का सहारा

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि दंपती ने फर्जी दस्तावेजों के साथ एक से अधिक पैन कार्ड का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, पीड़ित को प्रभावित करने के लिए उन्होंने माफिया अतीक अहमद का नाम भी लिया और झूठी कहानी गढ़कर विश्वास हासिल करने की कोशिश की। पुलिस अब दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच कर रही है।

June Car Sales Report: जून में सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में Punch और Nexon टॉप पर, Dzire-WagonR छूटी पीछे; देखें सेल्स आंकड़े

पुलिस जुटी जांच में

कैंट थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और अन्य संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Varanasi

Published :  4 July 2026, 11:03 AM IST