पहले किए लाश के 18 टुकड़े, फिर भगोने में बनाई मैदा मिलाकर बनाई सब्जी, जानें क्यों दी निशा को इतनी भयानक मौत?

तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच में मिले शव के टुकड़ों की जांच में हयातुन निशा हत्या मामले का खुलासा हुआ है। चेन्नई जीआरपी ने दो संदिग्धों की पहचान की है। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या कर शव के 18 टुकड़े किए गए थे।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 August 2026, 5:44 PM IST

Agra News: तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच में मिले लाश के टुकड़ों के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पांच अगस्त को आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन से बरामद हुए शव की पहचान हयातुन निशा के रूप में हुई है। चेन्नई जीआरपी की जांच में सामने आया है कि यह मामला हत्या का है। पुलिस को शक है कि महिला की हत्या चेन्नई के गुडुवांचेरी इलाके में की गई और फिर शव को टुकड़ों में काटकर अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। इस मामले में दो संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, जो फिलहाल फरार हैं।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

चेन्नई जीआरपी की जांच में सीसीटीवी फुटेज और दूसरे डिजिटल सबूतों के आधार पर मणिकउद्दीन लश्कर और भगवती माझी पर शक गहराया है। पुलिस के मुताबिक दोनों गुडुवांचेरी के मसूथी स्ट्रीट स्थित एक किराए के मकान में रहते थे। 21 अगस्त को पुलिस ने इसी मकान की तलाशी ली थी, जहां से एक बड़े बर्तन में मांस और शरीर के अन्य हिस्से बरामद हुए। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इसी जगह पर हयातुन निशा की हत्या की गई थी।

लाश के किए गए थे 18 टुकड़े

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद शव को 18 टुकड़ों में काटा गया था। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी युवक ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। जांच में यह भी दावा किया गया है कि शरीर के कुछ हिस्सों को मैदा और सब्जी में मिलाकर पकाने की कोशिश की गई थी। हालांकि हत्या की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, डिजिटल रिकॉर्ड और दूसरे सबूतों की जांच कर रही है।

कौन थी हयातुन निशा?

मृतका की पहचान 38 वर्षीय हयातुन निशा पत्नी जहूर खान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के जगतसिंहपुर की रहने वाली थी और चेन्नई के तांबरम स्थित विजय वस्त्र में काम करती थी। पुलिस के अनुसार, मणिकउद्दीन लश्कर असम का रहने वाला है, जबकि भगवती माझी ओडिशा की निवासी बताई जा रही है। दोनों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

बेटे ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी

हयातुन निशा का 19 वर्षीय बेटा यूसुफ खान 21 अगस्त को अपनी मां को तलाशते हुए गुडुवांचेरी स्थित उस मकान पर पहुंचा था। जब वहां उसकी मां नहीं मिली तो उसने थाने में जाकर गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और धीरे-धीरे हत्या की पूरी कहानी सामने आने लगी। अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

आगरा से चेन्नई पहुंचा मामला

5 अगस्त की सुबह करीब 5:03 बजे ट्रेन संख्या 12621 तमिलनाडु एक्सप्रेस के पिछले जनरल कोच में एक लाल ट्रॉली बैग से सड़ी-गली हालत में शव के टुकड़े मिले थे। इसके बाद आगरा जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शव परीक्षण और फॉरेंसिक जांच के बाद मामले को चेन्नई जीआरपी को ट्रांसफर कर दिया गया। अब दोनों संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद हत्या की वजह और पूरी साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है।

Location :  Agra

Published :  26 August 2026, 5:44 PM IST