
घर में मौजूद लोग
Muzaffarnagar: मुज़फ़्फ़रनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र के बेहड़ा अस्सा गांव से 18 मई से लापता विकसित उर्फ रॉकी के मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। कई दिनों तक गुमशुदगी के रूप में चल रहे इस मामले में पुलिस ने रॉकी की दूसरी पत्नी रेणु, उसके बेटे बादल, पुत्रवधू निशा और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि रॉकी का अपहरण कर उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया गया है। वहीं पुलिस की पांच टीमें मामले की जांच में जुटी हैं और जल्द खुलासे का दावा कर रही हैं।
बेहड़ा अस्सा निवासी विकसित उर्फ रॉकी 18 मई से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। परिजनों के अनुसार रॉकी की पत्नी रेणु उसे स्कॉर्पियो कार में बैठाकर बड़ौत होते हुए ऋषिकेश ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गई थी। उसी दिन शाम को रॉकी की अपनी मां से आखिरी बार फोन पर बात हुई, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और फिर उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मामले में उस समय और सनसनी फैल गई जब गांव से एक काले रंग की स्कॉर्पियो की सीसीटीवी फुटेज सामने आई। दावा किया जा रहा है कि इसी वाहन में रॉकी को घर से ले जाया गया था। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के नेतृत्व में पांच टीमें मामले की जांच में लगी हुई हैं।
शनिवार रात सीओ स्वयं बेहड़ा अस्सा गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि विकसित उर्फ रॉकी आखिर कहां है। क्या वह जीवित है या उसके साथ कोई अनहोनी हो चुकी है? इन सवालों के जवाब तलाशने में जुटी पुलिस के सामने अब इस हाई-प्रोफाइल मिस्ट्री को सुलझाने की बड़ी चुनौती है।
Location : Muzzafarnagar
Published : 31 May 2026, 7:18 PM IST
Topics : Muzaffarnagar Rocky Mystery muzaffarnagar news Rocky Kidnapping Case Rocky Missing Case Wife Named in FIR