राम मंदिर चढ़ावा चोरी का बड़ा खुलासा! शेयर बाजार में लगाया पैसा, एक किलो सोना गलवाया; छापों में मिले नकदी, गहने और कार

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के ठिकानों से नकदी, गहने और कार बरामद की है। पूछताछ में शेयर बाजार में निवेश और एक किलो सोना गलवाकर संपत्ति खरीदने का खुलासा हुआ है। पुलिस अब वित्तीय लेन-देन और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 10 July 2026, 11:14 AM IST

Ayodhya: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस की जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। कस्टडी रिमांड पर लिए गए तीन आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके ठिकानों पर छापेमारी कर नकदी, गहने और चोरी की रकम से खरीदी गई कार बरामद की है। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि चढ़ावे की रकम का कुछ हिस्सा शेयर बाजार में निवेश किया गया था, जबकि करीब एक किलो सोना गलवाकर उसकी रकम संपत्तियां खरीदने में लगाई गई।

40 घंटे की पूछताछ के बाद मिले कई अहम सुराग

पुलिस ने कोर्ट की अनुमति के बाद आरोपी अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय को कस्टडी रिमांड पर लिया। करीब 40 घंटे तक चली पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों से चोरी की रकम, उसके बंटवारे और निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद तीनों को दोबारा जिला जेल भेज दिया गया।

छापेमारी में बरामद हुई कार, नकदी और गहने

तलाशी के दौरान लवकुश मिश्रा के घर से उसके नाम वाला सोने का लॉकेट और करीब 35 हजार रुपये नकद बरामद हुए। वहीं अनुकल्प मिश्रा के मकान से सोने की चेन, 15 हजार रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदी गई एक कार मिली। करुणेश पांडेय के किराये के मकान से भी करीब 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद गहनों की कीमत 6 से 8 लाख रुपये के बीच आंकी जा रही है।

शेयर बाजार में लगाया पैसा, सोना गलवाने का खुलासा

पूछताछ में अनुकल्प और लवकुश ने स्वीकार किया कि चोरी की रकम का एक हिस्सा शेयर बाजार में निवेश किया गया। पुलिस को इससे जुड़े निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा आरोपियों ने बताया कि दान में आए आभूषणों में से करीब एक किलो सोना एक सराफा कारोबारी से गलवाया गया था। उस सोने से मिली रकम का उपयोग संपत्तियां खरीदने में किया गया। अब संबंधित सराफा कारोबारी भी जांच एजेंसियों के रडार पर है।

संपत्तियों और लेन-देन की भी जांच तेज

जांच में सामने आया कि अनुकल्प मिश्रा ने कौशलपुरी में एक मकान खरीदा था। दस्तावेजों में इसकी रजिस्ट्री करीब 30 लाख रुपये की दिखाई गई, जबकि भुगतान लगभग 70 लाख रुपये होने की बात सामने आई है। पुलिस अब संपत्ति खरीद, भुगतान के स्रोत और अन्य वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है।

अयोध्या राम मंदिर को प्रोफेशनल नहीं, ‘राम भक्त’ CEO की तलाश; सर्च कमेटी ने तय की बड़ी शर्तें

ट्रस्ट और विहिप की गतिविधियां भी तेज

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले और ट्रस्ट में प्रशासनिक बदलावों के बीच विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की सक्रियता भी बढ़ गई है। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अयोध्या में कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं, जिनमें ट्रस्ट की वर्तमान व्यवस्था और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। हालांकि इन बैठकों की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

Location :  Ayodhya

Published :  10 July 2026, 11:14 AM IST