प्रतापगढ़ में बेखौफ चोरों का तांडव, एक ही रात में 2 घरों के ताले तोड़ उड़ाए लाखों के जेवर नकदी, गांव में फैली दहशत

प्रतापगढ़ के बसहा गांव में चोरों ने एक ही रात दो घरों के ताले तोड़ दिए। घरों से नकदी और लाखों के जेवरात चोरी होने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आखिर चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम देकर कैसे फरार हो गए?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 October 2026, 2:52 PM IST

Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के जामताली चौकी अंतर्गत बसहा गांव में बीती रात चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाया। चोर दोनों घरों के ताले तोड़कर करीब 30 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात ले गए। एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटना से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

घर के पिछले हिस्से का दरवाजा खोलकर घुसे चोर

पहली घटना गांव निवासी चौहरजा प्रसाद सरोज के घर हुई। बताया गया कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने घर के पिछले हिस्से का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर बक्से और अलमारी को खंगाला। परिवार के मुताबिक, चोर करीब 5 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।

प्रतापगढ़ में सपा का उग्र प्रदर्शन, अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, पुलिस से तीखी झड़प

निर्माणाधीन मकान से 25 हजार रुपये भी चोरी

दूसरी वारदात गांव की कुलवंती सरोज के घर हुई। बताया गया कि उनके यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान का निर्माण चल रहा है। निर्माण सामग्री खरीदने के लिए उनके बेटों ने 25 हजार रुपये नकद भेजे थे, जिन्हें निर्माणाधीन हिस्से के कमरे में रखा गया था।

कुलवंती रात में पुराने मकान में सो रही थीं। इसी दौरान चोरों ने सूने पड़े निर्माणाधीन हिस्से के कमरे का ताला तोड़ दिया और वहां रखे 25 हजार रुपये के साथ लाखों रुपये के आभूषण भी चोरी कर लिए।

सुबह टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर मचा हड़कंप

गुरुवार सुबह दोनों परिवारों के लोग जब घर के अंदर पहुंचे तो कमरों के ताले टूटे मिले। सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित परिवारों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

जाम और हादसों से मुक्ति की ओर प्रतापगढ़: रामगंज चौक से हटेगी पटरी दुकानें, जर्जर भवनों को सुरक्षित गिराया गया

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर रानीगंज थाना पुलिस और जामताली चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से जानकारी ली। पुलिस को तहरीर भी दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

Location :  Pratapgarh

Published :  8 October 2026, 2:52 PM IST