
बारिश के बीच ढह गया कच्चा मकान (Source: Dynamite News)
Pratapgarh: प्रतापगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश गरीब परिवारों के लिए आफत बनती जा रही है। कुंडा तहसील क्षेत्र में बारिश के बीच कैंसर से जूझ रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में घर में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। गनीमत रही कि मकान गिरने की आहट मिलते ही परिवार के लोग बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मामला बाबागंज रायगढ़ क्षेत्र के कुटलिया गांव का है। यहां रहने वाले लालता प्रसाद पांडेय करीब 60 वर्ष के हैं और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। जैसे-तैसे परिवार उनके इलाज का खर्च उठा रहा है। इसी बीच लगातार हो रही बारिश ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।
बताया गया कि गुरुवार रात बारिश के दौरान अचानक उनका कच्चा मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। मकान गिरने की आहट सुनकर परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकल गए। इस वजह से किसी की जान तो बच गई, लेकिन कुछ ही देर में वर्षों से संजोकर रखा गृहस्थी का सामान मलबे के नीचे दब गया।
बारिश के बीच ढह गया कच्चा मकान
मकान गिरने से घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। सबसे बड़ी चिंता कैंसर पीड़ित बुजुर्ग की दवाइयों को लेकर है, जो हादसे में मलबे के नीचे दब गईं। बीमारी से जूझ रहे लालता प्रसाद के सामने अब इलाज के साथ परिवार को सुरक्षित रखने की भी चुनौती खड़ी हो गई है।
परिवार में दो बेटियां हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी 21 वर्ष की है। मकान ढहने के बाद परिवार के पास सिर छिपाने के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं बची है।
मकान ढहने के बाद कैंसर पीड़ित बुजुर्ग और उनका परिवार तिरपाल तानकर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। लगातार बारिश के बीच परिवार की परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों के मुताबिक घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है, लेकिन अभी तक परिवार को तत्काल सरकारी मदद नहीं मिल सकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित परिवार को तत्काल तिरपाल, राशन और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि बारिश के इस दौर में उन्हें कम से कम बुनियादी जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े।
3 दिन से पेट साफ नहीं हुआ? दवाइयों से पहले अपनाएं यह एक प्राकृतिक फल, तुरंत मिलेगा आराम
घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से पीड़ित परिवार की तत्काल मदद करने की मांग की है। साथ ही कैंसर पीड़ित बुजुर्ग के इलाज के लिए विशेष सहायता उपलब्ध कराने की अपील की गई है।
ग्रामीणों ने परिवार को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने की भी मांग की है। अब देखना यह है कि बारिश में अपना आशियाना गंवा चुके इस परिवार तक प्रशासन की मदद कब पहुंचती है।
Location : Pratapgarh
Published : 4 September 2026, 3:37 PM IST