Pratapgarh Protest: पूर्व विधायक पर जानलेवा हमले के विरोध में अधिवक्ताओं का जोरदार प्रदर्शन; जानिए पूरा मामला

पूर्व विधायक पर हुए हमले को लेकर प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज तहसील के अधिवक्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। घटना की पूरी जानकारी के लिए पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट

Post Published By: Jaya Pandey
Updated : 2 June 2025, 7:47 PM IST
google-preferred

प्रतापगढ़: पूर्व विधायक धीरज ओझा पर हुए कथित हमले को लेकर प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज तहसील के अधिवक्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को अधिवक्ताओं ने इस मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और आरोपित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, साथ ही पूर्व विधायक की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, इस प्रदर्शन का नेतृत्व जूनियर बार एसोसिएशन रानीगंज तहसील इकाई के अध्यक्ष विशंभर नाथ मिश्र और महामंत्री अजय कुमार तिवारी ने किया। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन मामले को नजरअंदाज कर रहा है, जबकि यह एक गंभीर आपराधिक घटना है।

पूर्व विधायक पर जानलेवा हमला

ज्ञापन में बताया गया कि 30 मई को नगर पंचायत पृथ्वीगंज में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पूर्व विधायक धीरज ओझा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद संजय सरोज, जो पूर्व में टेरर फंडिंग के मामले में जेल जा चुका है, ने कथित तौर पर पूर्व विधायक पर जानलेवा हमला कर दिया।

पुलिस की ओर से नहीं हुई कोई कार्रवाई

अधिवक्ताओं का कहना है कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने मांग की कि संजय सरोज के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की जाए, ताकि कानून का भय बना रहे।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग

इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने पूर्व विधायक धीरज ओझा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी की। उनका कहना था कि जब जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता कैसे सुरक्षित रह सकती है।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

इस प्रदर्शन में आशुतोष, रोहित मिश्र, प्रेम कुमार मिश्र, सद्दाम, विपिन पांडेय, सुरेंद्र पटेल समेत दर्जनों अधिवक्ता शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

मामले की जांच का आश्वासन

फिलहाल प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। अधिवक्ताओं की मांगों पर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Location :  Pratapgarh

Published :  2 June 2025, 7:47 PM IST

Advertisement