दिल्ली में फर्जी CBI छापेमारी की साजिश का खुलासा, कारोबारी का पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में एक कारोबारी के घर फर्जी CBI अधिकारी बनकर छापेमारी करने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में कारोबारी का पूर्व कर्मचारी कुलदीप मास्टरमाइंड निकला है। पुलिस ने कुलदीप के साथ दो महिलाओं आसिफा और दीप्ति को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 August 2026, 1:35 PM IST

New Delhi: दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में एक कारोबारी के घर फर्जी CBI अधिकारी बनकर छापेमारी करने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में कारोबारी का पूर्व कर्मचारी कुलदीप मास्टरमाइंड निकला है।

पुलिस ने कुलदीप के साथ दो महिलाओं आसिफा और दीप्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

कारोबारी के घर मोटी रकम होने का था शक

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुलदीप पहले कारोबारी के यहां कर्मचारी के रूप में काम करता था। इस वजह से उसे कारोबारी के व्यापार, आर्थिक गतिविधियों और घर से जुड़ी कई अहम जानकारियां थीं।

पुलिस का दावा है कि कुलदीप को शक था कि कारोबारी के घर बड़ी रकम रखी रहती है। इसी लालच में उसने फर्जी CBI छापेमारी की योजना बनाई।

आरोपियों का मकसद CBI कार्रवाई का डर दिखाकर कारोबारी से मोटी रकम वसूलना था।

छह पुरुष और दो महिलाएं बनकर पहुंची फर्जी CBI टीम

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को कुलदीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रशांत विहार स्थित कारोबारी के घर पहुंचने की योजना बनाई।

योजना के तहत छह पुरुष और दो महिलाएं घर पहुंचीं और खुद को CBI अधिकारी बताते हुए छापेमारी की बात कही। अचानक आठ लोगों के पहुंचने से कारोबारी के परिवार में हड़कंप मच गया।

पत्नी की सतर्कता से नाकाम हुई साजिश

हालांकि, कारोबारी की पत्नी ने समझदारी दिखाते हुए कथित CBI अधिकारियों से पहचान पत्र और छापेमारी से जुड़े अधिकृत दस्तावेज दिखाने को कहा।

आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसी दौरान कारोबारी के WhatsApp पर छापेमारी से जुड़ा एक संदेश भी भेजा गया, जिसे बाद में आरोपियों ने डिलीट कर दिया।

पत्नी के सवालों और सतर्कता के कारण फर्जी टीम घर के अंदर प्रवेश नहीं कर सकी और पूरी योजना विफल हो गई।

अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी

पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच एजेंसियां आरोपियों के संपर्क, मोबाइल रिकॉर्ड और पूरी साजिश की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही हैं।

Location :  New Delhi

Published :  24 August 2026, 1:35 PM IST