10 करोड़ की रंगदारी और 2 किलो हेरोइन का Pakistan कनेक्शन, गैंगस्टर रोहित गोदारा का नार्को मॉड्यूल का भंडाफोड़

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और वडोदरा क्राइम ब्रांच ने रोहित गोदारा गैंग से जुड़े नार्को-एक्सटॉर्शन मॉड्यूल का खुलासा किया। 2 किलो हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार, 10 करोड़ रंगदारी केस में था वांछित।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 September 2026, 10:29 AM IST

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और वडोदरा सिटी क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर रोहित गोदारा के कथित सहयोगी महेंद्र डेलाना से जुड़े एक बड़े नार्को-एक्सटॉर्शन मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने राजस्थान के चुरू निवासी कुलदीप स्वामी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से पाकिस्तान में बनी करीब 2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। कुलदीप स्वामी वडोदरा सिटी क्राइम ब्रांच में दर्ज 10 करोड़ रुपये की रंगदारी के मामले में वांछित था। जांच एजेंसियों के अनुसार, रंगदारी की रकम की पहली किस्त दिल्ली में ली जानी थी।

चांदनी चौक से हुई आरोपी की गिरफ्तारी

स्पेशल सेल के अधिकारियों के अनुसार, वडोदरा क्राइम ब्रांच से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाई गई। एसीपी राहुल कुमार सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर राहुल कुमार, विनीत कुमार और अजीत सिंह की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि 12 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे गुप्त सूचना के आधार पर चांदनी चौक इलाके के कूचा घासी राम स्थित बीकानेर स्वीट्स के पास कुलदीप स्वामी को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक करेंसी नोट और स्विफ्ट डिजायर कार की चाबियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, बरामद करेंसी नोट का इस्तेमाल हवाला कलेक्शन को प्रमाणित करने के लिए टेलीग्राम के जरिए भेजे गए टोकन फोटो के रूप में किया गया था।

कार से बरामद हुई हेरोइन की खेप

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि ड्रग्स की एक खेप दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के जय विहार में खड़ी उसकी कार में छिपाई गई है। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार से चार पैकेट बरामद किए गए। पुलिस ने इन पैकेटों में मौजूद पदार्थ को जांच के लिए भेजा, जिसमें पाकिस्तान निर्मित हेरोइन होने की पुष्टि हुई।

रंगदारी और ड्रग नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस के अनुसार, यह सिंडिकेट कई स्तरों पर काम कर रहा था। नेटवर्क का इस्तेमाल कथित तौर पर रंगदारी की रकम जुटाने और मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा था।

जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, हवाला चैनल और ड्रग सप्लाई से जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी हैं।

Location :  New Delhi

Published :  21 September 2026, 10:29 AM IST