दो कारों की रेस और रेड लाइट पर थमी सांसें, सुखदेव विहार हादसे में उजड़ गई एक और हंसती-खेलती जिंदगी

राजधानी दिल्ली के साउथ ईस्ट जिले में सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने रेड लाइट पर खड़े ऑटो को टक्कर मार दी।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 26 September 2026, 11:53 AM IST

New Delhi: दिल्ली के साउथ-ईस्ट जिले में शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार ने कोहराम मचा दिया। सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास बेकाबू कार ने रेड लाइट पर खड़े एक ऑटो-रिक्शा और ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी। ऑटो-रिक्शा में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।

सुबह करीब 6:30 बजे हुआ दर्दनाक हादसा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि ऐसा लग रहा था जैसे सड़क पर दो कारें आपस में रेस लगा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार का ड्राइवर अपना कंट्रोल खो बैठा और सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास रेड लाइट पर इंतजार कर रहे ऑटो-रिक्शा और ई-रिक्शा से जा टकराया।

यह भी पढ़ें- New Delhi: डॉक्टरों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, मरीजों की शिकायत पर ऐसे ही जवाबदेह रहेंगे चिकित्सक

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल ई-रिक्शा ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद कार ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने साथियों के साथ दूसरी कार में बैठकर वहां से चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त गाड़ियों को जब्त कर लिया। पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर ड्राइवर की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें - New Delhi: 15 मिनट पहले सब ठीक था, फिर तीन लड़के दोबारा सामने आए और 15 साल के छात्र की जिंदगी खत्म हो गई

CCTV फुटेज से सुराग जुटाए जा रही पुलिस

फरार आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस अब मौके और आस-पास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच चल रही है और आरोपी ड्राइवर को जल्द ही गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

Location :  New Delhi

Published :  26 September 2026, 11:53 AM IST