
अमिताभ बच्चन के घर ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी (Img: AI Generated)
Mumbai: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बम धमाकों की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एक ईमेल में मुंबई के मेयर कार्यालय और एक स्कूल में धमाके की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर ‘जलसा’ और पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को भी निशाना बनाने की बात लिखी गई है।
धमकी भरे ईमेल के सामने आने के बाद बीएमसी मुख्यालय में तलाशी अभियान शुरू किया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:31 बजे धमकी भरा ईमेल भेजा गया। इसमें मेयर कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे और एक स्कूल में दोपहर 1:11 बजे धमाके की धमकी दी गई। बताया गया है कि ईमेल स्मिथ जॉनसन नाम की ईमेल आईडी से भेजा गया और इसे मुंबई की मेयर रितु राजेश तावड़े, नगरसेविका रितु तावड़े और नगरसेवक संजय शंकर घाड़ी को भी भेजा गया।
ये भी पढ़ें- मैनपुरी में मतदाता पहुंचा तो पता चला पहले ही पड़ चुका है वोट! कैबिनेट मंत्री बोले- गड़बड़ी हुई है तो चैलेंज वोट डालें
ईमेल में लोगों को अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चेतावनी दी गई है। इसमें ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ का नारा भी लिखा गया है। साथ ही 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच मुंबई के अलग-अलग स्थानों पर होने वाले कार्यक्रमों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
धमकी भरे ईमेल में 31 अक्टूबर को बांद्रा स्थित अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ पर ग्रेनेड हमले की बात कही गई है। ईमेल में 1984 के सिख नरसंहार का जिक्र करते हुए ‘खून का बदला खून’ जैसे शब्द भी लिखे गए हैं।
इसके अलावा, 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल में रेसकोर्स में बम धमाके और गायक को निशाना बनाने का भी जिक्र है।
ये भी पढ़ें- UP MLC Election: प्रतापगढ़ में 38 केंद्रों पर वोटिंग शुरू! 39,392 मतदाता करेंगे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला
ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा जैसे संगठनों के नाम भी लिखे गए हैं। ईमेल में किए गए दावों और धमकी की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
धमकी मिलने के बाद बीएमसी की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद मुंबई पुलिस की डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीमें बीएमसी मुख्यालय पहुंचीं। वहां बीएमसी हॉल, सभागृह, मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालयों के साथ विभिन्न समितियों के चैंबर की तलाशी ली जा रही है।
पुलिस और बीएमसी सुरक्षा विभाग की टीमें अलग-अलग कमरों की बारीकी से जांच कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु मौजूद न हो।
Location : Mumbai
Published : 23 October 2026, 2:38 PM IST